लखनऊ 30 मई। यूपी में नौतपा के बीच 2 दिन से आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदल गया है। शनिवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी नहीं है। तापमान में 10°C तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। 28 मई को बांदा का तापमान 47.5°C रिकॉर्ड किया गया था। जो अब 37°C तक पहुंच गया है।
आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें से 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 3 दिन यानी 2 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। आंधी-बारिश की वजह से गर्मी नहीं पड़ेगी।
नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात और शुक्रवार को प्रदेश में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों और तराई क्षेत्रों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। इससे कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस बीच अलग-अलग जिलों में हुए हादसों और बिजली गिरने से प्रदेश भर में 31 लोगों की मौत हो गई।
सबसे ज्यादा 15 मौतें बुंदेलखंड में हुईं। इनमें हमीरपुर में 6, बांदा में 3, महोबा-उरई-जालौन में 2-2 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा कौशांबी में 4, सहारनपुर-देवरिया में 2-2, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बलिया, महाराजगंज, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर और रामपुर में एक-एक की जान गई।
आंधी- बारिश से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे आ गया। अमेठी, अयोध्या, सीतापुर, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद, बरेली में आंधी के साथ बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पूर्वी यूपी में सबसे ज्यादा 100 मिमी बारिश मिर्जापुर में हुई। इसके बाद अयोध्या में 90 मिमी, प्रयागराज में 61 मिमी, उन्नाव में 59 मिमी और सिद्धार्थनगर में 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी यूपी में सहारनपुर सबसे अधिक भीगा, जहां 32 मिमी बारिश दर्ज हुई। सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई जिलों में ओले गिरे।
इन जिलों में है गरज चमक व आंधी का ऑरेंज अलर्ट (गति 50 से 70 किमी/घंटा)
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।
इन जिलों में है भारी वर्षा की चेतावनी
बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, एवं आस पास के क्षेत्र ।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं से यूपी में मौसम बदल गया है। 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस वजह से आंधी-बारिश हो रही है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में तूफान का खतरा सबसे ज्यादा है। हवा की रफ्तार 100 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। 2 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में 5°C तक की और गिरावट आ सकती है।

