मेरठ 16 जून (प्र)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने सोमवार को शहर के कई स्थानों पर सोस (चटनी) बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। इस दौरान गढ़ रोड स्थित एक फैक्ट्री से मिलावटी सोस होने के शक में नमूने भरे गए हैं। वहीं, उसकी तैयार 350 लीटर सोस को नष्ट भी किया गया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि जहां-जहां पर इस फैक्ट्री से सोस को सप्लाई किया जा रहा था, उनके यहां भी मंगलवार को छापेमारी की जाएगी।
गढ़ रोड स्थित गेसूपुर गांव निवासी देवराज सिंह ने गांव के बाहर ही देवराज इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्ट्री लगा रखी है। इसमें विका नाम से ग्रीन चिली और वेजिटेबल सोस बनाकर उसे छोटे-छोटे पैक बनाकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत आदि जनपदों में सप्लाई की जा रही थी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि शासन से कुछ दिन पहले आदेश आया था कि सौस बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की जाए। इसी के मद्देनजर सोमवार को छापेमारी की गई है। टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि बेहद गंदगी वाले स्थान पर सोस को पैक किया जा रहा था। बदबूदार पानी का प्रयोग किया जा रहा था। कीट, मक्खियों की भरमार थी। फैक्ट्री में बिलकुल भी सफाई नहीं मिली। वहीं, कुछ पैक के अंदर सोस में भी गंदगी मिली है। इसी शक में फैक्ट्री का फिलहाल प्रोडक्शन बंद करा दिया है। यहां से दोनों तरह की सौस के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ लैब में भिजवाए गए हैं। आगे की कार्रवाई नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
दुकानों से भी लिए जाएंगे सैंपल
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि देवराज इंडस्ट्रीज से मेरठ में कहां-कहां पर सास सप्लाई हो रही थी। इसके भी फैक्ट्री से दस्तावेज लिए गए हैं। मंगलवार को दुकानों पर पहुंचकर सभी पैक को जब्त किया जाएगा। ताकि लोगों की सेहत को नुकसान न हो सके।

