मेरठ. लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित बजौट रेलवे अंडरपास में तीन दिन से भरे दस फीट गहरे पानी में तांगा डूब गया। हादसे में चारा लेकर लौट रहे तांगा चालक गणेशपुरी खत्ता रोड निवासी राकेश और उनके घोड़े की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे फफूंडा चौकी प्रभारी रामशरण राणा ने पानी में जाकर उनका शव बाहर निकाला। बारिश के पानी की निकासी न होने और रास्ता बंद होने के कारण लोगों में गुस्सा है।
हुमायूंनगर निवासी शान-ए-आलम ने बताया कि शनिवार दोपहर वह रास्ते से गुजर रहा था। आसपास के लोगों को अंडरपास में गहरा पानी भरे होने की जानकारी थी। इसके चलते वह अंडरपास से नहीं गुजर रहे थे लेकिन राकेश को इसकी जानकारी नहीं थी। आशंका है वह यह सोचकर तांगा लेकर अंडरपास में चले गए कि पानी कम होगा लेकिन जैसे ही तांगा गहरे पानी में गया आगे की ओर बहता चला गया। राकेश ने घोड़े को बचाने का प्रयास किया।
कुछ ही देर में तांगा और चालक दोनों डूब गए। लोग ट्यूब लेकर पहुंचे और तांगा चालक को तलाशने लगे। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी वर्दी उतारकर पानी में कूद पड़े। उन्होंने गहरे पानी में राकेश को ट्यूब की मदद से तलाश किया और उसे लेकर बाहर निकल आए। राकेश को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मृत घोड़े और तांगे को भी निकाल लिया गया।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि पुलिस ने तांगा चालक को पानी से निकाला लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों को हादसे की सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एक दिन पहले भी हुआ हादसा
शहर में नाले चोक होने और बरसात के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण निवासी परेशान हैं। जगह-जगह जलभराव है और लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। लोहियानगर थाना क्षेत्र में ही शुक्रवार को चंदसारा अंडरपास में एक कार डूब गई थी। शताब्दीनगर निवासी अभिषेक सिंह और रवित राठी को लोगों ने रस्सी से खींचकर बाहर निकाला था।vvvv

