हैदराबाद, 30 जुलाई (ता)। महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने आरोप लगाया कि आईपीएस उदय कृष्णा ने वाट्सअप पर अश्लील मैसेज भेजे, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। साथ ही अन्य कई ट्रेनीज के सामने अपमानजनक बातें कही थीं।
हैदराबाद पुलिस ने ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी को हिरासत में ले लिया। उन पर एक महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के साथ यौन उत्पीड़न, अश्लील मैसेज भेजने और उनका प्राइवेट वीडियो चुपके से रिकॉर्ड करने का आरोप है। इससे पहले उदय के भागने की कोशिश के बाद अत्तापुर पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने उनकी तलाश शुरू की थी। ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के लगभग 10 दिन बाद, गत दिवस हैदराबाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
यह मामला 18 जुलाई को अत्तापुर पुलिस स्टेशन में एक 30 वर्षीय महिला ट्रेनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। महिला ने आरोप लगाया कि 23 जून से उदय ने उन्हें लगातार यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया। उन्होंने अश्लील वाट्सअप मैसेज भेजे, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और साथी ट्रेनीज के सामने आपत्तिजनक बातें कहीं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उदय ने जबरदस्ती उनका मोबाइल फोन ले लिया, पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया, उन्हें अपने कमरे में बंद कर दिया, बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की, चाकू से डराया और उन्हें बाहर जाने से रोका। शिकायत के अनुसार, उन्होंने महिला का प्राइवेट वीडियो भी चुपके से रिकॉर्ड किया और ब्लैकमेल व डराने-धमकाने के लिए उसे महिला के पति को भेज दिया। महिला ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई को उदय ने फिर से उनके साथ मारपीट की।
शिकायत के आधार पर, अत्तापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला के खिलाफ आपराधिक बल प्रयोग), 75 (यौन उत्पीड़न), 77 (वॉयूरिज्म/चुपके से देखना), 78 (पीछा करना/स्टॉकिंग), 79 (महिला की गरिमा का अपमान), 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया। इसके साथ ही आइटी एक्ट की धारा 66ई (प्राइवेसी का उल्लंघन) और 67ए (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री भेजना) के तहत भी केस दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, उदय कृष्णा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया कि उनके खिलाफ शिकायतें और प्रचार झूठे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है और न्याय होगा। बाद में उदय कृष्णा, जो मोतीनगर में अपने रिश्तेदार के घर आए थे, सुबह शराब पीते हुए और बेहोश पाए गए। लेकिन ऐसी अफवाह थी कि उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि उन्होंने सहानुभूति पाने के लिए ऐसा किया था। अस्पताल में इलाज के बाद, उदय को 22 जुलाई को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद वे लापता हो गए।
मामले की जांच के तहत, पुलिस ने उदय को नोटिस भेजने की कोशिश की, लेकिन आरोपी द्वारा दिए गए दोनों पतों पर उनका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस के मुताबिक, बीते दिवस उनका मोबाइल भी बंद था। इसके बाद पुलिस ने चार विशेष टीमें बनाईं और उन्हें हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
Trending
- विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
- खरखौदा विकास खंड के आंगनबाडी केन्द्रों का अन्य ब्लॉक के बाल विकास परियोजना अधिकारियों द्वारा किया औचक निरीक्षण
- जिलाधिकारी ने किया राजकीय औद्यानिक प्रक्षेत्र मछरी पर संचालित हाईटैक नर्सरी का निरीक्षण
- मुख्यमंत्री जी अभी हजारो हेक्टेयर भूमि और कब्जा मुक्त हो सकती है अफसर शिकायतों का कर रहे हैं फर्जी निस्तारण ढूंढने से भी खेती व कृषि की जमीन
- बाईपास पर एक नामी कंपनी के स्टोर की चर्चा, रेडिसन ब्लू संगरीला द ललिता अशोका जैसे होटलों और नामचीन कंपनियों के सेल्स
- कच्ची कॉलोनियां काटकर और अवैध निर्माण करने तथा सरकारी जमीन घेरकर बेचने वालों के खिलाफ देशभर में चलेगा बुल्डोजर सुविधा शुल्क लेने वाले भी बचा नहीं पाएंगे
- पत्रकारों के साथ जो जनप्रतिनिधि करते थे अब युवाओं के साथ कर रहे हैं
- छोटा हसनपुर से सिसौली तक भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा

