मुंबई 27 मार्च। दुष्कर्म के आरोप में नासिक जिले में गिरफ्तार ढोंगी बाबा अशोक खरात से जुड़े एक मंदिर में विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मंजूर की थी।
यह धनराशि 31 मार्च, 2018 को क्षेत्रीय पर्यटन विकास योजना के तहत पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने मंजूर की थी, तब इसके प्रमुख भाजपा नेता जयकुमार रावल थे।
खरात को 18 मार्च को एक 35 वर्षीय महिला का तीन वर्ष तक बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह अभी पुलिस हिरासत में है। वह नासिक जिले के सिन्नर में श्री ईशान्येश्वर देवस्थान मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख था और पिछले कुछ वर्षों में कई नेता उससे मिलने आए थे।
सरकारी प्रस्ताव के मुताबिक, मंदिर स्थल पर 1.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। इसमें एक हाल का निर्माण, परिसर में पेविंग ब्लॉक, पुरुषों व महिलाओं के लिए टायलेट, चेंजिंग रूम, पार्किंग की सुविधा, भक्तों के रहने की जगह, बागीचा और बिजली संबंधी कार्य शामिल हैं।
अशोक खरात के विरुद्ध एक नया केस भी दर्ज किया है। पुणे के एक 51 वर्षीय बिजनेसमैन राजेंद्र जसूद ने उस पर विदेश में लाजिस्टिक्स बिजनेस शुरू करने में मदद करने के बहाने छह करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने खरात के म्यांमार, ग्रीनलैंड व अमेरिका के टूर प्रायोजित किए थे और उसकी मांग पर एक मर्सिडीज कार उपहार में दी थी। साथ ही खरात के फार्महाउस के निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये दिए थे।
खरात ने कहा था कि विदेश में उनके बिजनेस की सफलता के लिए होने वाली ”अवतार पूजा” के लिए ऊर्जा हासिल करने के लिए उसे तीन देशों का दौरा करना होगा।
खरात ने उनके सामने पांच वर्षों में 21 देशों का दौरा करने की मांग भी रखी थी। उनकी शिकायत के आधार पर खरात के विरुद्ध नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और महाराष्ट्र मानव बलि, अन्य अमानवीय और अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम व उन्मूलन एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस के मुताबिक खरात के विरुद्ध यह आठवां मामला है।इस बीच, खरात के विरुद्ध मामलों की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने गुरुवार को नासिक के एक पॉश इलाके कनाडा कार्नर में खरात के आफिस में तलाशी ली। इस दौरान एसआइटी सदस्यों के साथ फोरेंसिक टीम भी थी।
अधिकारियों ने बताया कि एसआइटी को खरात से जुड़े 100 आपत्तिजनक वीडियो और करीब 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। उधर, अहिल्यानगर में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों पर खरात से पीड़ित महिलाओं के अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।

