अपना शब्द लिखें और खोजने के लिए एंटर दबाएँ!

फुटबॉल की दुनिया को चलाने वाली सबसे बड़ी संस्था फीफा खुद साइबर हमले का शिकार हो गई है। संगठन ने गुरुवार को माना कि हैकर्स ने उसके कुछ निजी और कारोबारी रिकॉर्ड तक पहुंच बना ली थी। हालांकि फीफा ने यह साफ नहीं किया कि हमला कब हुआ और कौन-सी जानकारियां चोरी हुई हैं। इस घटना के बाद संगठन ने संबंधित जांच एजेंसियों से संपर्क किया है। वहीं, एक हैकिंग ग्रुप ने 12GB से ज्यादा डेटा लीक करने का दावा किया है।
हैकर्स ने किन जानकारियों तक बनाई पहुंच?
फीफा ने अपने बयान में बताया कि साइबर हमले के दौरान हैकर्स उसके निजी और कारोबारी रिकॉर्ड के एक सीमित हिस्से तक पहुंचने में कामयाब रहे। हालांकि संगठन ने यह नहीं बताया कि इस जानकारी में कर्मचारियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों या दूसरे लोगों का कितना डेटा शामिल है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि चोरी हुई जानकारी में किस तरह के दस्तावेज और रिकॉर्ड मौजूद हैं। फीफा ने गुरुवार को एपी को भेजे बयान में कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसमें कानून प्रवर्तन एजेंसियां भी शामिल हैं। फिलहाल संगठन ने साइबर हमले की तारीख और उसके पूरे दायरे को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
हैकिंग ग्रुप ने 12GB डेटा लीक करने का किया दावा
इस साइबर हमले को लेकर पिछले सप्ताह से ही सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही थी। खुद को हैंडसम बॉय हैकिंग क्लब बताने वाले एक समूह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फीफा की कथित फाइलों का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया था। इसके तीन दिन बाद समूह ने एक ऐसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें दावा किया गया था कि फीफा के 12 गीगाबाइट से ज्यादा आंतरिक दस्तावेज लीक हुए हैं। इस प्रतिक्रिया को समूह की ओर से साइबर हमले की जिम्मेदारी लेने के तौर पर देखा गया। हालांकि, फीफा ने अभी तक लीक हुए दस्तावेजों की संख्या या उनकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।