नई दिल्ली 08 अप्रैल। असम पुलिस मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर पूछताछ के लिए पहुंची। यह कार्रवाई असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर लगाए गए आरोपों के बाद दर्ज एफआईआर पर की गई।
एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी दोपहर 11 बजे निजामुद्दीन स्थित खेड़ा के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने वहां दो घंटे तक जांच की। उनके साथ दिल्ली पुलिस भी थी। असम पुलिस के डीसीपी देबोजित नाथ ने पत्रकारों को बताया कि खेड़ा अपने आवास पर नहीं मिले। आवास से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
पवन खेड़ा के घर आई पुलिस ने मीडिया से बातचीत में कहा, गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ है और हम पवन खेड़ा से बात करना चाहते थे। हम उनकी तलाश में यहां आए लेकिन वह अपने घर पर नहीं थे। हमने घर की तलाशी ली। हमें उनके घर से आपत्तिजनक सामग्री मिली है, जिसका खुलासा अभी नहीं किया जा सकता। उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए गए हैं। वहां कहां हैं, इसका अभी पता नहीं चला है लेकिन पता चल जाएगा।
क्या बोले थे खेड़ा?
पवन खेड़ा ने सीएम हिमंत की पत्नी रिंकी भुइयां पर आरोप लगाते हुए कहा था, ‘हमारे पास ऐसे दस्तावेज हैं जिसने पता चलता है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं। पहला UAE का गोल्डन कार्ड है, दूसरा एंटीगुआ और बारबुडा का पासपोर्ट है और तीसरा मिस्र का पासपोर्ट है। इनमें से दो पासपोर्ट इस्लामिक देशों के हैं, फिर भी वे सार्वजनिक रूप से अपने धार्मिक जुड़ाव का दावा करते रहते हैं।’
सीएम हिमंत ने क्या दी थी प्रतिक्रिया
उल्लेखनीय है कि हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी के खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, ‘पवन खेड़ा, पवन पेड़ा बन जाएगा। वो कांग्रेस नेता के नाम पर एक नाटक है, जिसमें कोई मिठास नहीं है।’
उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस नेता के खिलाफ मानहानि का केस करेंगे। बता दें कि बिस्वा सरमा ने 2015 में कांग्रेस छोड़ दी थी और बीजेपी में शामिल हो गए थे।

