संभल 06 फरवरी। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में राज्य कर विभाग की टीम की ओर से कर चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। यहां एक सर्राफा कारोबारी के शोरूम और घर पर रेड की खबर है। इस दौरान लगभग 33 करोड़ रुपये की अघोषित जूलरी बरामद की गई है। वहीं, मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये कर जुर्माना के तौर पर जमा कराया गया। मिल रही जानकारी के मुताबिक, सोने और चांदी के दाम बढ़ते ही कर चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ा एक्शन लिया। संभल जिले में एक ज्वेलर्स के शोरूम और आवास पर एक साथ छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर रिकवरी सामने आई है।
खबर के मुताबिक, जीएसटी विभाग की इस कार्रवाही के दौरान लगभग 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना,चांदी और हीरे की जूलरी मिली है। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये जुर्माने के तौर पर जमा किए गए। बताया जा रहा है कि राज्य कर विभाग को सूचनाएं मिल रही थी कि कुछ व्यपारी सोना-चांदी के बढ़ते रेट का फायदा उठाकर बिना वैध कागजात खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वाणिज्य कर अनुशासन) आरए सेठ के निर्देश पर छानबीन शुरू की गई।
जीएसटी विभाग की ओर से लगभग एक माह तक निगरानी के बाद संभल जिले में एक ज्वेलर को चिह्नित किया गया। चार फरवरी को मुरादाबाद जोन की प्रवर्तन विंग की दस सदस्यीय टीम ने दोपहर के वक्त ज्वेलर के शोरूम और आवास पर एक साथ छापा मारा। लगातार 21 घंटों तक इस कार्रवाई का क्रम जारी रहा। इसमें बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से रखी गई जूलरी का पता चला।
जानकारी के अनुसार, छानबीन के दौरान ज्वेलर के शोरूम में रखे माल की खरीद से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। स्टॉक रजिस्टर में सिर्फ 439 ग्राम सोने की जूलरी और 120 किलो चांदी की जूलरी दर्ज पाई गई। मौके से 16.638 किलो सोने की जूलरी, 875 किलो चांदी की जूलरी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद किया गया।
जीएसटी विभाग की ओर से बरामद जूलरी का कोई लेखा-जोखा मौजूद नहीं था। मार्केट भाव के हिसाब से इसकी कीमत लगभग 33 करोड़ रुपये आंकी गई है। अघोषित जूलरी को सीज कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त शोरूम और आवास से मिले पर्चें और मोबाइल फोन में उपलब्ध कारोबार से जुड़ा डाटा भी सीज किया गया है। इसकी जांच पड़ताल जारी है।

