मुजफ्फरनगर 27 दिसंबर। पुरकाजी थानाक्षेत्र के गांव खाईखड़ी निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी उर्फ टिंकू त्यागी की शनिवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। विनय त्यागी पर रुड़की कारागार से एसीजेएम कोर्ट में पेशी पर लाने के दौरान बुधवार को बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं हैं। वाहन में मौजूद दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए थे।
बता दें कि गैंगस्टर विनय त्यागी का एम्स ऋषिकेश में आपरेशन किया गया था। उसकी गर्दन और हाथ में लगी गोली को डाक्टरों की टीम ने निकाला था। गोली लगने से उसकी आंतें फट गई हैं। गैंगस्टर को आइसीयू वार्ड में वेंटीलेटर पर रखा गया था है।
मुजफ्फरनगर के गांव खाईखेड़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को बीते एक अक्टूबर को देहरादून पुलिस ने लाखों की नकदी और जेवर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। हरिद्वार में पहले से दर्ज मुकदमों के चलते उसे 12 दिसंबर को रुड़की कारागार में शिफ्ट किया गया था। बुधवार दोपहर एक पुलिस टीम उसे पेशी पर लक्सर कोर्ट ले जा रही थी। विनय पुरकाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर 57 मुकदमे दर्ज थे।
छह पुलिसकर्मी टाटा सुमो वाहन में विनय त्यागी के साथ सवार थे। लक्सर में रेलवे ओवरब्रिज पर पुलिस का वाहन जाम में फंस गया। उसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले थे।
पुलिस के वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर कुख्यात विनय त्यागी को गोलियां मारने वाले दोनों हमलावरों सनी यादव उर्फ शेरा और अजय को पुलिस ने खानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों काशीपुर (उधमसिंह नगर) के निवासी हैं।

