वॉशिंगटन 25 मार्च। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच कूटनीतिक मोर्चे पर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। ईरान ने साफ संकेत दिया है कि वह अमेरिका के साथ संभावित बातचीत में जे.डी. वैंस को प्राथमिकता देता है, न कि डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों को। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के नेतृत्व वाली टीम को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान का मानना है कि इन लोगों के साथ बातचीत का कोई फायदा नहीं होगा।
ईरान का यह रुख उसके गहरे अविश्वास को दिखाता है। उसका आरोप है कि पहले भी बातचीत के दौरान अमेरिका ने हमले जारी रखे, जिससे भरोसा पूरी तरह टूट गया। इसलिए अब वह उन्हीं चेहरों के साथ दोबारा बातचीत नहीं करना चाहता। ऐसे में जेडी वेंस को एक ऐसे नेता के रूप में देखा जा रहा है, जो मिडिल ईस्ट में सैन्य कार्रवाई के प्रति अपेक्षाकृत कम आक्रामक माने जाते हैं। ईरान को उम्मीद है कि उनके साथ बातचीत से युद्ध खत्म करने की संभावना ज्यादा हो सकती है।
इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने कहा था कि उनकी कूटनीतिक टीम के सभी प्रमुख सदस्य वार्ता में शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘जेडी (वेंस), मार्को (रुबियो), जेरेड कुश्नर, स्टीव विटकॉफ और मैं खुद—सभी बातचीत प्रक्रिया में शामिल हैं।’ ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका युद्ध जीत चुका है और ईरान की नौसेना व वायुसेना पूरी तरह तबाह हो चुकी है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका की ओर से बातचीत कौन करेगा, इसका फैसला केवल राष्ट्रपति ट्रंप ही करेंगे। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ही तय करते हैं कि अमेरिका की ओर से कौन बातचीत करेगा। जैसा कि उन्होंने आज कहा, उपराष्ट्रपति वेंस, विदेश मंत्री रुबियो, विशेष दूत विटकॉफ और श्री कुश्नर—सभी बातचीत में शामिल रहेंगे।’
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक पोस्ट को साझा कर वॉशिंगटन-तेहरान तनाव में इस्लामाबाद की संभावित मध्यस्थ भूमिका को लेकर कूटनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। दरअसल, शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में क्षेत्रीय संकट के समाधान के लिए पाकिस्तान की भूमिका निभाने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा कि यदि दोनों पक्ष सहमत हों, तो पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच सार्थक और निर्णायक बातचीत की मेजबानी के लिए तैयार है और इससे सम्मानित महसूस करेगा।

