नई दिल्ली 21 मार्च। दक्षिण कोरिया में डेजॉन के वाहन कलपुर्जा कारखाने में संभवत: विस्फोट के कारण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, कम से कम 59 अन्य लोग घायल हो गए और चार लोग लापता हैं। गृह एवं सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उसने बताया कि शुक्रवार दोपहर आग लगने के बाद राहत एवं बचाव अभियान के लिए 500 से अधिक दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों और आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया है।
यह घटना स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर 1:17 बजे की बताई जा रही है।
शहर के डेयदोक जिले के अग्निशमन प्रमुख नैम ड्युक-वू ने बताया कि आग लगने की सूचना रात एक बजकर 18 मिनट पर मिली। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने विस्फोट होने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों ने कम से कम 10 लोगों के शव बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि कम से कम 59 अन्य लोग घायल हुए हैं और चार लोग लापता हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फैक्ट्री के अंदर कितने कर्मचारी फंसे हुए हैं, राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने चेतावनी दी कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों ने आग लगने के संभावित कारण पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बाद सरकार के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी, प्रधानमंत्री किम मिन-सियोक ने आग पर काबू पाने और बचाव अभियान चलाने के लिए कर्मियों और उपकरणों की पूरी तरह से तैनाती का निर्देश दिया। फिलहाल राहत और बचाव का कार्य जारी है।

