बुलंदशहर 20 मार्च। मेरठ में पिछले साल हुए सौरभ हत्याकांड का खौफ जारी है। इंटरनेट मीडिया पर एक साल से नीला ड्रम व सीमेंट लिखकर पति या पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर कमेंट किए जा रहे हैं। बुलंदशहर में पत्नी ने अपने फेसबुक एकाउंट पर मेरठ के सौरभ का फोटो अपलोड कर सीमेंट व ड्रम लिख दिया। इसे जब पति ने देखा, तो उसके होश उड़ गए। पत्नी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। समाज के लोग व पुलिस महिला को समझाने में नाकाम रही। भयभीत पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ ही भेज दिया ।
कोतवाली देहात के गांव दौलतपुर निवासी राजकुमार का विवाह 11 मई 2019 को खानपुर के गांव बड़ा प्याना की शीतल से हुआ था राजकुमार मजदूरी करता है दो दिसंबर 2024 को शीतल ने एक पुत्र को जन्म दिया। पति का आरोप है कि शीतल ने फेसबुक पर सौरभ का फोटो लगाया और सीमेंट व ड्रम लिख दिया। उसने जब मोबाइल पर इसे देखा, तो पत्नी का शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव मान करौरा निवासी मुकेश से प्रेम प्रसंग चलने की जानकारी हुई। उसे जान का खतरा लगने लगा। पिछले महीने गांव में पंचायत हुई, तो पत्नी प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई।
पति व उसके भाइयों को दी थी मारने की धमकी
राजकुमार का कहना है कि शीतल की मुकेश से अप्रैल 2025 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मुलाकात हुई थी, तब से दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। मुकेश भी मजदूरी करता है। समझाने पर शीतल ने उसे व उसके चारों भाइयों को मारने की धमकी भी दी थी।
मामला मंगलवार को पुलिस के पास पहुंचा, तो परिवार परामर्श केंद्र पर पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ भेज दिया। साथ ही कोर्ट में पत्नी से तलाक लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी बोबेश ने बताया कि महिला को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह सुलह को तैयार नहीं थी। वहीं पति ने भी उसे साथ रखने से इन्कार कर दिया। महिला मर्जी से एक युवक के साथ चली गई। महिला बच्चे को भी अपने साथ ले गई।

