लखनऊ, 17 मार्च। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने चार वर्षों से लंबित पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 के लिए कुल 52 कला विभूतियों के नामों की घोषणा की गई है। अकादमी अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह, निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर ने सोमवार को अकादमी पुरस्कार, सफदर हाशमी पुरस्कार और बीएम शाह पुरस्कारों की घोषणा की।
11 कलाकारों को वर्ष 2021 का अकादमी पुरस्कार मिलेगा। इसी तरह वर्ष 2022 के अकादमी पुरस्कार 11 कलाकारों को मिलेंगे। इनमें पंडित अनुज मिश्रा (लखनऊ, कथक नृत्य), शशिकांत पाठक (लखनऊ, पखावज वादन), सुनील पावगी (लखनऊ, गिटार वादन), मोहन लाल कुंवर (लखनऊ, बांसुरी वादन), मंजू कौशल (लखनऊ, रंगमंच अभिनय), मेराज आलम (लखनऊ, कठपुतली तकनीक) और पद्मकांत शर्मा (सीतापुर, कला समीक्षा) समेत अन्य सम्मानित हुए। वर्ष 2023 के अकादमी पुरस्कार 11 कलाकारों को मिलेंगे।
इनमें डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव (लखनऊ, कथक नृत्य), संजय देगलुरकर (लखनऊ, रंगमंच अभिनय), उमा त्रिगुणायत (लखनऊ, लेखन-संगीत एवं नृत्य), डॉ. ओमेंद्र कुमार (कानपुर, कला उन्नयन) और अर्जुनदास केसरी (सोनभद्र, कला समीक्षा) को अकादमी पुरस्कार मिला। वर्ष 2024 के अकादमी पुरस्कार भी 11 कलाकारों को मिलेंगे।
इनमें मुक्ता चटर्जी (लखनऊ, सुगम गायन), रामरथ पांडेय (रायबरेली, लोकगायन-आल्हा), सुषमा शर्मा (प्रयागराज, रंगमंच निर्देशन), रविकांत शुक्ला ‘शिब्बू’ (लखनऊ, रंगमंच अभिनय) अकादमी पुरस्कार से नवाजे गए। सफदर हाशमी पुरस्कार शुभदीप राहा (लखनऊ, रंगमंच निर्देशन) और बीएम शाह पुरस्कार संजय मेहता (भोपाल, रंगमंच निर्देशन एवं रंगसंगीत) को दिया जाएगा।
पुरस्कार की राशि में कोई बदलाव नहीं
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के लम्बित पुरस्कार में पुरानी पुरस्कार राशि ही दी जाएगी। घोषित हुए चार वर्ष के पुरस्कार में पुरस्कार राशि 10 हजार रुपए प्रदान की जाएगी। दरअसल अकादमी बीते दो वर्षों से लगातार पुरस्कार राशि बढ़वाए जाने का प्रयास कर रही थी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अकादमी निदेशक डा. शोभित कुमार नाहर ने कहा पहले के वर्षों की भी पुरस्कार आवेदन प्रक्रिया लम्बित थी, इसलिए पुरस्कार राशि नहीं बढ़ाई जा सकी।

