अलीगढ़ 16 मार्च। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल में रविवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक युवक ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ होटल के कमरे में रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर के गुलावठी निवासी आकाश कुमार अलीगढ़ में अपनी बहन के घर आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ देखा। शक होने पर उन्होंने दोनों का पीछा किया। बताया गया कि महिला अपने प्रेमी मृदुल उर्फ निखिल के साथ रामघाट रोड स्थित एक निजी होटल में पहुंची और कमरा नंबर 302 बुक कर लिया। इसके बाद दोनों कमरे में चले गए।
आकाश ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद जब कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया।
पुलिस महिला और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर क्वार्सी थाने ले गई। इसके बाद पति को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पुलिस फिलहाल तीनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित पति आकाश कुमार का आरोप है कि उसकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले लव मैरिज के जरिए हुई थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी का इस युवक के साथ लंबे समय से अफेयर चल रहा है।
आकाश का कहना है कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज का झूठा केस भी दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि पत्नी ने अदालत में दावा किया है कि शादी में सात लाख रुपये दिए गए थे और 15 लाख रुपये खर्च हुए थे, जबकि उनकी शादी लव मैरिज थी और उसे किसी तरह का दहेज नहीं मिला।
थाना क्वार्सी पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। शिकायत और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

