नई दिल्ली 16 मार्च। आंध्र प्रदेश में घर के अंदर बाइक को रात भर स्टार्ट कर रखना एक परिवार को भारी पड़ गया। इससे निकलने वाले धुएं के कारण दम घुटने से परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हेयर सैलून चलाने वाले मुरली ने शनिवार को मोटरसाइकिल की सर्विसिंग करवाई थी। इंजन में खराबी के कारण मैकेनिक ने पिस्टन बदल दिया। मैकेनिक ने उसे रात भर इंजन चालू रखने की सलाह दी थी।
मुरली ने घर की सभी खिड़कियां बंद कर दीं और मोटरसाइकिल चालू छोड़ दी। मुरली और उसकी पत्नी रेवती छत पर सो गए, जबकि उसके पिता रामचंद्रैया, बेटा कार्तिक और जुड़वां बेटियां चरिता और चंदना घर में सो रहे थे। सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के कारण मोटरसाइकिल से निकला धुआं पूरे घर में भर गया।
रविवार सुबह रामचंद्रैया, उनकी जुड़वां पोती चरिता और चंदना और पोता कार्तिक मृत पाए गए। छत पर सो रहे मुरली और उसकी पत्नी बच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सभी की मौत कार्बन मोनोआक्साइड के कारण दम घुटने से हुई है। कार्बन मोनोऑक्साइउ एक रंगहीन और गंधहीन गैस है जिसके फैलने पता ही नही चलता. जब कोई पेट्रोल इंजन बंद जगह पर चलता है तो वह भारी मात्रा में यह गैस छोड़ता है. यह गैस खून में मिलकर ऑक्सीजन के प्रवाह को रोक देती है, जिससे व्यक्ति बिना किसी छटपटाहट के गहरी नींद में ही दम तोड़ देता है.

