नूंह 10 मार्च। हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव बड़ौंपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला गया.
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान साहिबा पत्नी शाहिद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि साहिबा 8 मार्च को अपने खेतों में सरसों की कटाई करने गई थी. शाम को रोजा इफ्तार के दौरान वह अपने बच्चों सहित घर वापस नहीं लौटी. परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
अगली सुबह सुबह 9 बजे के करीब जब परिवार के सदस्य गेहूं की फसल को पानी देने खेत में गए, तो उन्हें कुएं के पास कुछ चप्पलें पड़ी मिलीं. शक होने पर उन्होंने कुएं में देखा और पानी में बच्चों के शव तैरते हुए पाए. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी. पुलिस स्टेशन अधिकारी सुभाष चंद्र पुलिस टीम और फायर विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से महिला और उसकी तीनों बेटियों के शव कुएं से बाहर निकाले गए.
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंडीखेड़ा के जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया. मृतक बच्चों की पहचान अक्ष (लगभग 7 वर्ष), सानूपिया (लगभग 5 वर्ष) और चार महीने की बच्ची के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महिला का पति मानसिक रूप से बीमार था. इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस घटना की पूर्ण जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

