बस्ती 03 फरवरी। बस्ती में रेप की एफआईआर करवाने वाली 12वीं की नाबालिग छात्रा की सिरफिरे ने गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार आधी रात को पीछे के रास्ते से घर में घुसा और सो रही छात्रा पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके सिर में और दूसरी गर्दन में मारी। छात्रा की मौके पर मौत हो गई।
परिवार के मुताबिक, फायरिंग की आवाज सुनकर भाई जाग गया। दौड़कर पहुंचा तो आरोपी ने तमंचा दिखाकर डराया। उससे मारपीट की। भागने की कोशिश के दौरान मां रास्ते में आ गई। उन पर भी फायरिंग की, लेकिन निशाना चूक गया।
मां ने पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। मां और भाई से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि आरोपी मंदीप गांव का ही रहने वाला है। वह बेटी के पीछे पड़ा था।
आरोपी ने कुछ महीने पहले बेटी से दरिंदगी की। अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। बेटी ने दूरी बनाई तो वह वायरल करने की धमकी देने लगा। कुछ फोटो वायरल भी कर दिए।
इसका पता चलते ही उसके खिलाफ कलवारी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत ए फआईआर करवाई थी। तब से आरोपी फरार था। सोमवार को गांव लौटा और बेटी की हत्या कर दी।
कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की के पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। वह गांव में मां और भाई के साथ रहती थी। भाई ग्रेजुएशन कर रहा, जबकि लड़की 12वीं बोर्ड के पेपर दे रही थी।
मां ने बताया कि आरोपी मंदीप दो साल से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। कुछ महीने पहले बेटी को नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया और उससे जबरदस्ती की। तस्वीरें खींंच ली थीं। वीडियो बनाए। इसके बाद वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा।
एक बार जबरदस्ती उसे अपने साथ मंदिर में शादी करने ले जा रहा था। कह रहा था- शादी नहीं करोगी तो जहर खा लूंगा। तुम्हे भी मार दूंगा। तब हम लोगों ने किसी तरह अपनी बेटी को उसके चंगुल से छुड़ाया था।
मां ने बताया- बेटी उससे दूर रहने लगी तो वह उसके फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 18 दिसंबर 2025 को मंदीप ने कुछ अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में मैंने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

