लखनऊ 12 फरवरी। उत्तर प्रदेश में फिर से बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण गरज-चमक के साथ बारिश के आसार 17 फरवरी को बन रहे हैं. इस बीच प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम सामान्य बना हुआ है. सुबह-रात के समय ठंडक, तो दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी है. यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है. वहीं, न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य व सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले तीन-चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. वहीं, 17 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश के बाद मौसम और साफ होगा और अधिकतम न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि दर्ज की जाएगी.
वहीं राजधानी लखनऊ में बुधवार को सुबह-रात के समय हल्की ठंडक रही. दिन में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली. तेज धूप खिलने से दिन के समय गर्मी रही. अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुवार को सुबह-शाम के समय हल्की ठंडक रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
वहीं बुधवार को अयोध्या यूपी का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
यूपी में 12 फरवरी को आसमान साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह कोहरा बहुत परेशान करेगा. कई जिलों जैसे आगरा, अलीगढ़, अमेठी, आजमगढ़, बागपत, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, एटा, फतेहपुर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, जालौन, कानपुर में सुबह-शाम ठंड ज्यादा लगेगी.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होंगे. वहीं, 3 दिन बाद फिर से अधिकतम-न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी. 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है.

