संभल 07 फरवरी। उत्तर प्रदेश के संभल स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में महापुरुषों के फोटो हटाकर कुरान की आयतें लिखी तस्वीरें लगाने संबंधी माममा सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर इस्लामिक जिहाद का आरोप लगाया। बीएसए ने इस मामले में सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, मिड-डे मिल में खामियां पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका पुष्पा रानी को भी निलंबित कर दिया गया।
मौके पर पहुंची थाना कुढ़ फतेहगढ़ पुलिस ने कार्रवाई का अश्वासन दिया, तब जाकर बजरंग दल के कार्यकर्ता शांत हुए। इस बीच विद्यालय में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पूरा प्रकरण बनियाखेड़ा विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला पूर्वा का है। शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के विभाग सत्संग प्रमुख ऋतुपर्ण शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल पहुंचे। यहां प्रधानाध्यापक कक्ष के समीप कमरे के दरवाजे के ऊपर दीवार पर कुरान की आयतें और इस्लामिक धार्मिक स्थलों की तस्वीरें टंगी दिखाई दीं। उन्होंने प्रधानाध्यापक से इस्लामिक तस्वीरें लगाने का कारण पूछा।
आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने स्पष्ट तौर पर जवाब नहीं दिया। इस पर संगठन के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रधानाध्यापक पर इस्लामिक जिहाद फैलाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। कार्रवाई की जिद पर अड़े हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जैसे-तैसे शांत किया।
इधर, BSA अलका शर्मा ने इस मामले का संज्ञान लिया। प्राथमिक जांच में महापुरुषों की तस्वीरें हटाए जाने के लिए सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को निलंबित कर दिया। दूसरी तरफ, प्रधानाध्यापिका पुष्पा रानी को मिड-डे मील निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने और स्कूल में लगे 15 साल पुराने सहजन का पेड़ बिना अनुमति के कटवाए जाने के मामले में सस्पेंड कर दिया गया है।

