शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए मंदिर समिति व शासन-प्रशासन ने की पूरी तैयारी
मेरठ, 10 अगस्त (प्र)। श्रावण मास की शिवरात्रि पर कल मंगलवार को शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐतिहासिक श्री औघड़नाथ मंदिर में आज रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 10 और 11 अगस्त को मंदिर पूरी रात खुला रहेगा। श्रद्धालु लगातार बाबा का जलाभिषेक कर दर्शन कर सकेंगे। मंदिर समिति और पुलिस-प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
औघड़नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर के सामने पुलिस कैंप बनाया गया है। यहां खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा शिविर समेत अन्य सुविधाओं का भी इंतज़ाम किया गया। मंदिर के प्रथम तल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है। समिति की ओर से निशुल्क जूता-घर, पेयजल और जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए गरुड़ द्वार और निकास के लिए नंदी द्वार निर्धारित किया गया है। मंदिर से करीब 100 मीटर की दूरी पर दर्शन अकादमी पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी ओर बाबा बिलेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी हरीशचंद जोशी ने कहा कि यह मेरठ का प्राचीन आस्था केंद्र है और यहां स्वयंभू शिवलिंग विराजमान है। मान्यता है कि रावण की पत्नी मंदोदरी भी यहां पूजा करने आया करती थीं। मंदिर में भगवान शिव के सामने गौरा-पार्वती का स्वरूप भी स्थापित है। मान्यता है कि कुंवारी कन्याएं यहां श्रद्धा से पूजा कर मनचाहे वर की कामना करती हैं तो उनकी मनोकामना पूरी होती है। मंदिर में सुबह 5 बजे से कपाट खुल जाएंगे और कांवड़ का जल सुबह 8ः30 बजे से शुरू होगा। मंगला आरती के बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक और दर्शन शुरू होंगे। मंदिर में जल चढ़ाने के लिए लोटों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। पूरे दिन मंदिर प्रशासन और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मौजूद रहेंगे।
पुजारी के मुताबिक श्रावण मास में शिवलिंग पर बेलपत्र और जल चढ़ाने का विशेष महत्व है। भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित करने वाले भक्तों के कल्याण और मनोकामना पूर्ण होने की मान्यता है। मंदिर की ओर से कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, पानी और चाय-नाश्ते समेत आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं।
Trending
- आज रात से बाबा औघड़नाथ मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
- हल्की बारिश होने पर उमस से लोगों को राहत, अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा
- औघड़नाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
- सरकारी अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने सिखेड़ा के किसान को बनाया निशाना
- विधायक ने 25 शादी कराने वाले समधी पर किया केस
- उड़ने वाला वाहन के प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण
- जिस जेन जी ने सरकार के सामने नए सवाल खड़े किए
- ढाई फीट के चीनू की कांवड़ यात्रा रही आकर्षण का केंद्र

