


गूंजा ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ का जयघोष
मेरठ, 10 अगस्त (प्र)।सावन के दूसरे सोमवार को मेरठ के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। औघड़नाथ मंदिर में सुबह से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास का इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज रहा है। लंबी कतारों में लगे शिवभक्त जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प लेकर बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं। शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ है।
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प लेकर मंदिरों में पहुंचने लगे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, शिवालयों में भक्तों की संख्या बढ़ती गई। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे।
सावन के सोमवार को देखते हुए मेरठ के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। ओघड़नाथ मंदिर और बिल्वेश्वर महादेव मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गईं, ताकि श्रद्धालुओं को ज्यादा परेशानी न हो। मंदिरों में कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को प्रवेश कराया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समितियों और स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था संभाली। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया। सावन के दौरान मेरठ में कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। कांवड़ियों की आवाजाही वाले रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया है। पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं।

