मेरठ. दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एमआईईटी कॉलेज के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक हाईवे पर दूर जाकर गिरे। इस हादसे में दो कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रानी बाग (शाहदरा) निवासी तीन दोस्त गोपाल (23), अनिल (20) और गणेश मंगलवार रात एक ही बाइक पर सवार होकर गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार रवाना हुए थे। बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही उनकी बाइक जानी थाना क्षेत्र के एमआईईटी कॉलेज के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों दोस्त सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर जानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गोपाल (23) ने अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अनिल और गणेश को पास के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गईं। तीसरे युवक गणेश की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और वे बदहवास हालत में मेरठ पहुंचे।

