मेरठ 22 जुलाई (प्र)। वर्षों से पुराने भवनों में संचालित हो रहे कलक्ट्रेट कार्यालय अब नए पते की ओर बढ़ रहे हैं। करीब एक साल से अधिक समय से बन रही नई कलक्ट्रेट बिल्डिंग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हुआ तो जनवरी 2027 से जिले के अधिकांश प्रशासनिक कार्यालय नए भवन से संचालित होने लगेंगे। चुनाव प्रक्रिया से पहले ही नए फोन को तैयार करने का लक्ष्य है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर इसकी तेजी से तैयारी भी शुरू हो गई है। नई कलक्ट्रेट बिल्डिंग का निर्माण तेजी से अंतिम दौर में है। भवन का अधिकांश सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग, विद्युत, फर्नीचर और अन्य तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नए भवन में सभी प्रमुख शाखाओं और अधिकारियों के कार्यालय आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किए जा रहे हैं। इससे आम लोगों को अलग-अलग भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अधिकांश कार्यालय एक ही परिसर में होने से फाइलों का निस्तारण भी पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो सकेगा। सूत्रों के मुताबिक, भवन तैयार होने के बाद इसके उद्घाटन के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। जनवरी में उनके सेवानिवृत्त होने से पहले उद्घाटन कराने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा। करीब एक साल से अधिक समय से चल रहे इस निर्माण कार्य पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
अधिकारियों का कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। भवन पूरी तरह तैयार होने के बाद चरणबद्ध तरीके से सभी प्रशासनिक कार्यालयों को नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा नया कलक्ट्रेट भवन शुरू होने के बाद आम लोगों को एक ही स्थान पर अधिकांश प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी। इससे न केवल विभागों के बीच बेहतर समन्वय होगा, बल्कि जनता को भी समय और भागदौड़ से राहत मिलेगी।
चुनाव से पहले मिलेगा नया कलक्ट्रेट भवन
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया कि नए कलक्ट्रेट भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। फिनिशिंग और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे है लक्ष्य है कि जनवरी 2027 तक भवन पूरी तरह तैयार हो जाए उसे समय चुनाव प्रक्रिया भी चलेगी योजना है कि इससे पहले ही प्रशासनिक कार्यालयों की शिफ्टिंग शुरू कर दी जाए। उन्होंने बताया कि भवन तैयार होने के बाद आम लोगों को अधिकांश प्रशासनिक सेवाएं एक ही परिसर में मिलेंगी. जिससे कामकाज अधिक सुचारु और सुविधाजनक होगा उद्घाटन को लेकर अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।

