मेरठ 21 जुलाई (प्र)। साहिबाबाद में रेलवे ट्रैक पर कोयले से भरी मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतरने के बाद दिल्ली-गाजियाबाद रूट पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इसका मेरठ के यात्रियों पर भी प्रभाव पड़ा। मंगलवार सुबह दिल्ली जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शटल ट्रेन को मुरादनगर में रोक दिया गया। ट्रेन डेढ़ घंटे बाद परिवर्तित रूट से रवाना हुई। इसी तरह सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली परिवर्तित रूट से रवाना हुई। यह ट्रेनें साहिबाबाद, तिलक ब्रिज, नई दिल्ली, सदर बाजार स्टेशन नहीं जा रही हैं। इसी तरह दिल्ली से आने वाली ट्रेनें भी प्रभावित हैं। यात्री रोडवेज बसों और रैपिड ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, गाजियाबाद-दिल्ली रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।
गोल्डन टेंपल मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, नंदा देवी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और शिवगंगा सुपरफास्ट समेत कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार हादसे के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग दिल्ली और नई दिल्ली के रास्ते बदल दिया गया है। 16 यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है।
इसके अलावा आठ ट्रेनों को नियंत्रित किया गया है। आनंद विहार की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के मार्ग पर नियंत्रित किया गया।
गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर चलने वाली कई उपनगरीय यात्री सेवाओं पर भी असर पड़ा है। गाजियाबाद से नई दिल्ली जाने वाली यात्री ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। कुछ ट्रेनों को नई दिल्ली से ही चलाया गया, जबकि कुछ को गाजियाबाद स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया।
मगध एक्सप्रेस, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत और उज्जैनी एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।

