मेरठ 18 जुलाई (प्र)। नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की जांच में मेरठ के तीन एथलीट डोप पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एथलीट किरन बालियान और आर्यन त्यागी को खेल गतिविधियों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। आगे की जांच प्रक्रिया पूरी होने तक ये खिलाड़ी कोई भी प्रतियोगिता नहीं खेल पाएंगे। नाडा देश में खेलों से प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल को रोकने, खिलाड़ियों के परीक्षण करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने वाली प्रमुख सरकारी संस्था है।
एजेंसी की ओर से बीते माह डोप टेस्ट में पॉजिटिव 71 एथलीटों की अस्थायी निलंबन सूची जारी की गई है। इनमें एथलेटिक्स, कुश्ती, भारोत्तोलन और मुक्केबाजी से जुड़े कई जाने-माने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं।
मेरठ के खिलाड़ियों में शॉटपुट की अंतरराष्ट्रीय एथलीट किरन बालियान का नाम भी शामिल है। उनके डोप परीक्षण में मेथडएनोन नाम की प्रतिबंधित दवा पाई गई है। मेरठ के ही शॉटपुट खिलाड़ी आर्यन त्यागी भी पॉजिटिव मिले। इनके नमूने क्लोरोडेहाइड्रोमिथाइल टेस्टोस्टेरोन प्रतिबंधित दवा मिली है। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव अनु कुमार ने बताया कि किरन बालियान आर्यन त्यागी के अलावा एथलीट विधि भी डोप टेस्ट में पॉजीटिव मिली हैं। हालांकि अभी इस मामले में जांच की जाएगी। अगर जांच में एथलीट दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खिलाड़ियों को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा।
दोषी मिलने पर यह हो सकती है सजा
आर्यन के परीक्षण में मिली दवा में आर्टिकल 2.1 और 2.2 के तहत कार्रवाई होती है और किरन के परीक्षण में मिली प्रतिबंधित दवा में आर्टिकल 2.1. 2.2 और 2.5 दोषी पाए जाने पर दो से चार साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है इसमें आजीवन खेल प्रतियोगिताओं पर प्रतिबंध लग सकता है। नमूने लेने की तिथि से लेकर प्रतिबंध लगाने की तिथि के बीच खिलाड़ी के द्वारा जीते गए सभी पदक, पुरस्कार व धनराशि रद्द कर दी जाती है एथलीट पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
अपना पक्ष रखने का मिलेगा मौका
जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों का नाम नाडा की सूची में शामिल है। इन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। अब इस मामले में जांच होगी और खिलाड़ी जांच अवधि में किसी भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। उन्हें भी मौका दिया जाएगा कि वह अपना पक्ष रख सकें।
वह बता सकें कि उन्होंने किस दवा का सेवन किया और यह प्रतिबंधित दवा कहां से आई इस मामले में अगर नमूने लेने की तिथि से लेकर प्रतिबंध खिलाड़ी अपनी गलती स्वीकार करता है और उनका प्रतिबंध एक वर्ष तक कम हो सकता है।
एशियन चौंपियनशिप में शामिल नहीं हो पाई विधि
विधि अंडर-23 एशियन चौंपियनशिप से ठीक पहले डोप परीक्षण में फेल हुई हैं। इस कारण वह नौ से 12 जुलाई तक चीन में आयोजित इस प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग नहीं कर सकी। वहीं, किरन बालियान ने एशियन गेम्स से लेकर कई बड़ी प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया है। आर्यन त्यागी भी उभरते हुए एथलीट हैं सोशल मीडिया पर भी तीनों एथलीटों के नाम वायरल हो रहे हैं।
ये मिलीं प्रतिबंधित दवाएं
किरन बालियान के डोप परीक्षण में मेथडिएनोन पाया गया। यह एक सिंथेटिक एनाबॉलिक स्टेरॉयड है। इसका उपयोग मुख्य रूप से मांसपेशियों के आकार, ताकत और शारीरिक प्रदर्शन को और तेजी से बढ़ाने के लिए किया जाता है। वहीं, आर्यन त्यागी के द्वारा क्लोरोडेहाइड्रोमिथाइल टेस्टोस्टेरोन का उपयोग पाया गया है। यह भी एक स्टेरॉयड है और प्रतिबंधित है। इसका इस्तेमाल भी एथलेटिक्स में प्रदर्शन बढ़ाने, ताकत हासिल करने और मांसपेशियों के निर्माण के लिए किया जाता है।

