लखनऊ 17 जुलाई। यूपी में मानसून फिर तेज रफ्तार पकड़ने जा रहा है. मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने यह अलर्ट 40 जिलों के लिए जारी किया है. चलिए जानते हैं आज के मौसम के मिजाज के बारे में.
उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून आज फिर से सक्रिय हो रहा है. जिसके कारण उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भारी से ज्यादा भारी और कुछ इलाकों में तेज बारिश होने का अलर्ट मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणी वापस उत्तर प्रदेश की ओर खिसकने के कारण आगामी 2-3 दिनों तक उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली ,अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर बस्ती, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, कुशीनगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने आज 17 जुलाई को लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट दिया है। जबकि मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि पश्चिमी यूपी में मेरठ, मुजफ्फरनगर सहारनपुर व आसपास के इलाकों में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन यहां कोई खास अलर्ट नहीं दिया गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र के प्रभाव से प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता बढ़ी है. प्रदेश के पूर्वी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण के साथ मानसूनी द्रोणी के अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में तराई की ओर से गुजरने के कारण प्रदेश में बादलों की आवाजाही के बीच थंडरस्टार्म के साथ हो रही छिटपुट वर्षा गतिविधियों में 17 जुलाई के उपरान्त प्रदेश में मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में बारिश में व्यापक वृद्धि और तापमान में प्रभावी गिरावट के कारण प्रदेश में पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना है.

