मेरठ 17 जुलाई (प्र)। लगातार बिजली कटौती और शिकायतों के समाधान में देरी को लेकर बृहस्पतिवार को शहर और देहात में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ब्रह्मपुरी इलाके में देर रात गुस्साए लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। वहीं भारतीय किसान यूनियन ( धनसिंह कोतवाल) ने दिल्ली रोड स्थित रामलीला ग्राउंड बिजलीघर पर धरना दिया, जबकि बुद्धेरा जाहिदपुर, सरस्वती विहार, माधवपुरम, खुशहाल नगर और ऐरा गार्डन कॉलोनी के लोगों ने भी बिजली संकट को लेकर विरोध जताया।
रोहित अग्रवाल ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रोजाना करीब 18 घंटे बिजली कटौती हो रही है सुनवाई नहीं होती है। भाकियू के जिलाध्यक्ष अभिषेक चपराणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर पर धरना दिया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार घंटों बिजली कटौती हो रही है और शिकायतों का समाधान नहीं किया जा रहा।
उन्होंने बिजली विभाग में लाइनमैनों की संख्या बढ़ाने और नूरनगर में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई। बाद में प्रबंध निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बिजलीघर के अधिकारियों पर कोई अधिकारी नहीं होता। जबकि अधिकारियों के पास सभी जिम्मेदारी होनी चाहिए शहर में लगभग 650 लाइनमैन बिजली विभाग में कार्यरत थे, जो घटकर लगभग 450 रह गए हैं। इस दौरान अमरीश गिरी, राहुल गुर्जर, विनीत कौशिक, दीपक वर्मा, बिन्नू गौतम, नईम आदि रहे।
इन क्षेत्रों में भी गुल रही बिजली
उधर, घंटाघर, छतरी वाला पीर, पटेल नगर, बुढ़ाना गेट, गंगानगर, कंकरखेड़ा, शास्त्रीनगर, ब्रह्मपुरी और भूमिया के पुल समेत कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
बिजलीघर में दिया धरना
गांव बुढेश जाहिदपुर में बिजली न आने से नाराज ग्रामीणों ने बिजलीघर पर धरना शुरू कर दिया। वहीं माधवपुरम सेक्टर-3 और खुशहाल नगर- 3 में पिछले 24 घंटे में केवल चार-चार घंटे बिजली मिलने का आरोप लगाया गया अफजाल सैफी ने कहा कि विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। सरस्वती विहार के निवासी सचिन चौधरी, सनी और साहिल ने भी लंबे समय तक बिजली
बाधित रहने पर नाराजगी जताते हुए बिजलीघर पर हंगामा किया।
लापरवाही का लगाया आरोप
ऐरा गार्डन कॉलोनी के लोगों ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के नेतृत्व में चीफ इंजीनियर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कॉलोनी अध्यक्ष उमर मलिक ने फीडर पर ओवरलोडिंग और अधिकारियों की लापरवाही का आरोप लगाया। चीफ इंजीनियर ने जल्द निरीक्षण और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान नवेद, सरफराज, फिरोज मलिक, हाफिज हुसैन, शकील चौहान मौजूद रहे।
आज यहां रहेगा शटडाउन
रंगोली बिजलीघर क्षेत्र सुबह 9 से 11 बजे
नौचंदी बिजलीघर क्षेत्र सुबह 9 से 11 बजे
माधवपुरम-1 क्षेत्र दोपहर 12 से 3 बजे
रामलीला ग्राउंड-1 क्षेत्र दोपहर 12 से 3 बजे

