मेरठ / रामनगर 07 जुलाई (प्र)। नैनीताल में रामनगर के सांवल्दे स्थित स्थित एक्रोन रिजार्ट में पुलिस ने रविवार को अश्लील गतिविधियों का भंडाफोड़ कर 52 युवकों के अलावा एक नाबालिग समेत 10 महिलाओं को पकड़ा था। यह पार्टी टीपीनगर के मुल्ताननगर निवासी उमेंद्र पाल द्वारा आयोजित की गई थी। उमेंद्र करीब दस वर्ष से दिल्ली में रह रहा है उसके दो भाई और पिता परिवार के साथ टीपीनगर में रहते हैं। उमेंद्र को दिल्ली से लड़कियां राहुल गुप्ता मुहैया कराता है, जिसके बाद विभिन्न प्रदेशों में मुजरा पार्टी का आयोजन किया जाता है। इस पार्टी में महिलाओं पर डांस के दौरान रकम लुटाई जाती है। कुछ महिलाओं को कोडवर्ड प्लस भी होता है। इस कोडवर्ड की महिलाएं देह व्यापार में संलग्न होती हैं। नैनीताल में आयोजित मुजरा पार्टी में प्लस कोडवर्ड की महिलाओं को भी लाया गया था।
उमेंद्र पाल की बुलंदशहर के सिकंदराबाद में एक कंपनी है और वह बड़े लोगों से जुड़ा हुआ है। इन्हें न्योता देने के बाद ही वह पार्टी आयोजित करता है। बताया जाता है कि दिल्ली से मुजरा पार्टी में लड़कियों को बुलाता है। उन पर लुटाई जाने वाली रकम का 40 प्रतिशत हिस्सा खुद रखता है, जबकि 60 प्रतिशत लड़कियों को दिया जाता है। लड़कियों को तय करके लाया जाता है कि पार्टी में दस लाख की रकम लुटाई जाएगी। पार्टी में इससे ज्यादा राशि लुटा सकते हैं, लेकिन तय राशि से कम नहीं किया जा सकता। उमेंद्र पहले से ग्राहकों को सेट करता है। दिल्ली हाईवे के एक होटल में भी उमेंद्र पाल कई पार्टी आयोजित कर चुका है। नैनीताल में आयोजित पार्टी में भी मेरठ, बुलंदशहर समेत आसपास के जनपदों के लोग शामिल होने गए थे। वहीं उमेंद्र के पिता जयप्रकाश का कहना है कि वह दस साल पहले दिल्ली चला गया था। वहाँ क्या कारोबार कर रहा है, उनकी जानकारी में नहीं है। उसके दो भाई यहां पर रहकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। यदा-कदा ही उमेंद्र परिवार से मिलने आता है। उर्मेंद्र काफी बड़े-बड़े लोगों से जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि वह अलग अलग जनपदों में पार्टी आयोजित करता रहता है। उसे लड़कियाँ राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने मुहैया कराई थी। राहुल नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद तक लड़कियां मुहैया करता है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि टीपीनगर पुलिस से उमेंद्र की भूमिका पर रिपोर्ट मांगी गई है।
पकड़े गए 51 आरोपितों पर पोक्सो एक्ट का मुकदमा
रामनगर के सावल्दे गांव स्थित एक्रोन रिसोर्ट में देह व्यापार के आरोप में पकड़े गए 51 आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया। जबकि विधि विवादित एक किशोर को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है। वहीं, युवतियों को पीड़िता मानकर उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। नौ युवतियों को हल्द्वानी वन स्टाप सेंटर में रखा गया है, जबकि एक किशोरी को नारी निकेतन भेजा गया है। रिसोर्ट संचालक फरार है। सांवल्दे गांव में शनिवार रात में एक्रोन रिसोर्ट में एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी, एंटी ह्यूमैन ट्रैफिकिंग सेल व रामनगर पुलिस ने छापा मारकर उत्तर प्रदेश व दिल्ली के 51 पुरुष पकड़े गए। इनके अलावा एक विधि विवादित किशोर भी उनके साथ था। ये सभी लोग एक कीटनाशक दवा कंपनी की ओर से रिसोर्ट में आए थे। रिसोर्ट से ही एक नाबालिग समेत 10 युवतियां भी मिलीं। पुलिस के मुताबिक इन युवतियों को देह व्यापार के लिए लाया गया था। पुलिस को उनके पास से कई आपत्तिजनक सामग्री, शराब, नकली व असली नोट, तीन मोबाइल बरामद हुए। 51 आरोपित व रिसोर्ट मैनेजर पर पोक्सो एक्ट, अनैतिक देह व्यापार, आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। 51 आरोपितों को पुलिस ने रविवार को हल्द्वानी की पोक्सो कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पकड़े गए विधिवत विवादित किशोर को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर किशोर न्याय बोर्ड भेजा। नौ युवतियों को हल्द्वानी की वन स्टाप सेंटर में भेजा गया है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपितों पर पोक्सो एक्ट भी लगा है। रिसोर्ट के जनरल मैनेजर लखेंद्र सिंह चौधरी अभी फरार है।

