मेरठ 01 जुलाई (प्र)। देश की आर्थिक व्यवस्था में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और कर प्रणाली को मजबूत बनाने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर जिले की बात करें तो शहर आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार्टर्ड अकाउंटेंसी का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां 1,200 से अधिक पंजीकृत चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, कराधान, आडिट स्टार्टअप और कारपोरेट क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं देकर न केवल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान निभा रहे हैं। द इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आफ इंडिया (आइसीएआइ) की मेरठ शाखा की स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। शाखा के प्रथम अध्यक्ष सीए वीएस गुप्ता और प्रथम सचिव सीए सुधीर कुमार मित्तल थे। उनके नेतृत्व में रखी गई मजबूत नींव के कारण मेरठ शाखा आज तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और सदस्य हितों के संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी संस्थाओं में शामिल है।
हर चार वर्ष में चुनी जाती है नई प्रबंध समिति मेरठ शाखा में हर चार वर्ष में चुनाव कर प्रबंध समिति का गठन किया जाता है। समिति अपने सदस्यों में से अध्यक्ष का चुनाव करती है। शाखा नियमित रूप से तकनीकी सेमिनार, कार्यशालाएं, राष्ट्रीय सम्मेलन, व्यावसायिक प्रशिक्षण, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक कार्यक्रम और सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करती है, जिससे सदस्यों के ज्ञान और कौशल का निरंतर विकास हो रहा है। मेरठ शाखा के इतिहास में सीए निमिषा रोहित अग्रवाल पहली महिला अध्यक्ष बनीं। वहीं, सीए राजीव गुप्ता मेरठ से प्रथम रीजनल काउंसिल सदस्य निर्वाचित होकर क्षेत्र को नई पहचान दिलाने में सफल रहे। इन उपलब्धियों ने राष्ट्रीय स्तर पर मेरठ शाखा की प्रतिष्ठा को मजबूत किया ।
वरिष्ठों ने तैयार की मजबूत परंपरा
मेरठ में चार्टर्ड अकाउंटेंसी की मजबूत परंपरा को स्थापित करने में वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सीए चंदर मेहरा, सीए बनवारी लाल गर्ग, सीए रविंद्र अग्रवाल, सीए सुधीर कुमार मित्तल और सीए राकेश मोहन का विशेष योगदान रहा है। ये सभी चार दशकों से अधिक समय से प्रैक्टिस करते हुए व्यावसायिक नैतिकता, गुणवत्ता और उत्कृष्टता की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। वर्तमान में शाखा का नेतृत्व अध्यक्ष सीए नितिन मलिक, उपाध्यक्ष सीए शशांक गुप्ता, सचिव सीए विशु गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीए धीरज बित्तर, सीआइसीएएसए चेयरपर्सन सीए आशीष अनेजा और प्रबंध समिति सदस्य सीए ज्ञाति गुप्ता और सीए अजय गुप्ता कर रहे हैं। यह टीम सदस्यों और विद्यार्थियों के लिए तकनीकी, शैक्षणिक और व्यावसायिक गतिविधियों का निरंतर संचालन कर रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी चमके मेरठ के विद्यार्थी
मेरठ शाखा के विद्यार्थियों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हाल ही में सीए काव्या मित्तल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट फाइनल परीक्षा में अखिल भारतीय 26वीं रैंक हासिल कर मेरठ का नाम पूरे देश में रोशन किया। उनकी सफलता युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। डिजिटल अर्थव्यवस्था, जीएसटी, स्टार्टअप संस्कृति और बढ़ते कारपोरेट गवनेंस के दौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। मेरठ शाखा का चार दशक का सफर इस बात का प्रमाण है कि पेशेवर उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों और सतत प्रशिक्षण के बल पर किसी भी संस्था को राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है।

