जम्मू कश्मीर. माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की सुरक्षा में तैनात सीएसएसएफ (CSSF) के जवानों को लेकर आ रही एक मैटाडोर वाहन ताराकोट से कटरा की ओर आते समय अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.
हादसे में करीब 13 से 14 जवान घायल हो गए, जबकि तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सीएसएसएफ की मैटाडोर ताराकोट क्षेत्र से कटरा की ओर लौट रही थी. इसी दौरान वाहन का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और चालक के संतुलन खोने के कारण मैटाडोर सड़क पर पलट गई.
हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, श्राइन बोर्ड के अधिकारी तथा राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे.
स्थानीय लोगों ने मदद के लिए बढ़ाए हाथ
स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायल जवानों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप-जिला अस्पताल कटरा पहुंचाया गया.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल 13 से 14 जवानों का प्राथमिक उपचार किया गया. इनमें से तीन जवानों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य जवानों का इलाज कटरा अस्पताल में जारी है. चिकित्सकों की टीम लगातार सभी घायलों की निगरानी कर रही है.
अनियंत्रित होकर पलटा वाहन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों द्वारा जांच शुरू कर दी गई है. तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति अथवा अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि सीएसएसएफ के जवान माता वैष्णो देवी यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. यात्रा मार्ग पर हर दिन हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहते हैं. ऐसे में इस हादसे ने सुरक्षा बलों के साथ-साथ प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया है.
घायलों का जारी है उपचार
प्रशासन ने कहा है कि घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा पूरे मामले की जांच के बाद दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विवरण सामने लाया जाएगा. हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.

