मेरठ। हाईवे और शहर की सड़कों पर यातायात के नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पांच-पांच चालान वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन और चालकों के लाइसेंस निरस्तकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अभी तक 15 वाहनों के रजिस्ट्रेशन और 15 चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके है। यातायात पुलिस की तरफ से 93 हजार लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्तीकरण की संस्तुति आरटीओ विभाग से की गई थी। सभी ऐसे लोग हैं, जो लगातार यातायात के नियमों को तोड़ रहे हैं।
शहर के अंदर हर प्वाइंट पर यातायात के नियम टूट रहे है, जबकि हाईवे पर भी तेजगति वाहनों से लेकर विपरीत दिशा में वाहनों को दौड़ाया जा रहा है। गत शनिवार की रात शहर के अंदर ब्रह्मपुरी के माधवपुरम में कारोबारी नमन जौली और अमन जौली ने छह पुलिसकर्मियों और होमगार्ड के ऊपर ही कार चढ़ा दी। फिलहाल दोनों भाई जेल में हैं। हालत यह है कि वाहनों पर खड़े होकर स्टंट करने के वीडियो भी यदाकदा सामने आ रहे है। यानि शहर के अंदर हर प्वाइंट पर यातायात के नियम तोड़े जा रहे है। इसी के चलते यातायात पुलिस ने एक साल की समीक्षा की है। पांच से ज्यादा चालान वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन और चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति आरटीओ विभाग से की गई है।
पुलिस ने 93 हजार आठ वाहनों को चिन्हित किया हैं, जिनके पांच-पांच से ज्यादा चालान कट चुके हैं। सभी की सूची बनाकर रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए आरटीओ विभाग को भेजी गई है। आरटीओ की तरफ से पांच हजार वाहन स्वामियों और चालकों को लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस भी जारी कर दिए हैं। साथ ही 358 वाहनों का रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है। अभी तक आरटीओ विभाग की तरफ से 30 वाहनों को रजिस्ट्रेशन और चालकों को लाइसेंस निरस्त कर दिया है। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पांच से अधिक चालान वाले वाहनों और चालकों पर शिकंजा कसा जा रहा है। ताकि शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव आ सकें। सभी वाहन चालक यातायात के नियमों को पालन करें। ताकि हादसों की संख्या में कमी आ सकें।

