कुंडली-मानेसर-पलवल. एक्सप्रेस-वे पर शनिवार शाम हादसे में दंपती और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना पिपली टोल प्लाजा के निकट उस समय हुई जब उनकी स्विफ्ट डिजायर कार सड़क पर ईंटों से भरे ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के वेदव्यास पुरी के गणपति एन्क्लेव निवासी कारोबारी पवन कुमार गर्ग (65), उनकी पत्नी शकुंतला (62), बेटी अंजू बंसल (43) और भांजा शिवम शनिवार शाम साढ़े चार बजे स्विफ्ट डिजायर कार में मेरठ से कैथल जिले के गांव कलायत जा रहे थे।
शकुंतला का मायका कलायत में है। इन दिनों उनकी बेटी अंजू भी अपने मायके मेरठ आई हुई थीं। अंजू दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव स्थित जनता फ्लैट्स, नंदनगरी क्षेत्र में रहती थीं। बताया जा रहा है कि शाम साढ़े चार बजे परिवार ने पिपली टोल प्लाजा पार किया था।
इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर कार तीसरी लेन में ईंटों से भरे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। उस समय तीन लोग बेसुध अवस्था में थे, जबकि शिवम को होश था मगर वह गंभीर रूप से घायल था।
अस्पताल पहुंचने से पहले दंपती और बेटी ने तोड़ा दम
सभी घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने पवन कुमार गर्ग, उनकी पत्नी शकुंतला और बेटी अंजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यमुनानगर निवासी शिवम को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर गए हैं। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही मेरठ और दिल्ली में रहने वाले परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

