मेरठ 27 जून (प्र)। रामनगर-गोला कुआं चौक व्यापार संघ ने ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर के व्यवहार और उत्पीड़न से त्रस्त होकर शुक्रवार को बाजार बंद रखा। बाजार बंद होने से हड़कंप मच गया। संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचित के नेता गोला कुआं पहुंचें। एसपी ट्रैफिक से संयुक्त व्यापार संघ नेताओं की वार्ता हुई। भविष्य में व्यापारियों से दुर्व्यवहार न होने तथा ई-रिक्शा के लिए रोडमैप तैयार किये जाने के बाद दोपहर दो बजे बाजार खोल दिया गया।
रामनगर गोला कुआं चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष शाहिद खान ने गुरुवार को ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर वीके शाही पर दुकानदारों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए थे। साथ ही, दारोगा के व्यवहार और हापुड़ चौराहा से गोला कुआं चौक तक सड़क के बीच लगी लोहे की वैरिकेडिंग को हटवाने की मांग करते हुए शुक्रवार को बाजार बंद करने की चेतावनी दी थी। रामनगर- गोला कुआं चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष के आह्वान पर शुक्रवार को सुबह से ही हापुड़ चौराहे से लेकर पटेल नगर तक का सड़क के दोनों साइड का बाजार पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान सिटी वॉल्क प्लाजा पर एकत्रित हुए। यहां उनकी मीटिंग हुई। मीटिंग में संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचित के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल, महामंत्री संजय जैन, मंत्री लल्लू मक्कड़, अमित बंसल, अपार मेहरा, अशोक रस्तौगी आदि पहुंचें। संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों के सामने शाहिद खान ने टीएसआई के द्वारा किये जाने दुव्र्व्यवहार तथा लोहे की बैरिकेडिंग से व्यापार में आ रही अड़चनों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वैरिकेडिंग से व्यापार चौपट हो गया है।
आरोप लगाए कि प्रतिदिन प्रति ई- रिक्शा के हिसाब से 100 रुपये टीएसआई द्वारा वसूले जाते हैं। जबकि दुकान पर दुपहिया से आने वाले ग्राहक का तत्काल चालान काट दिया जाता है जिससे दुकानों पर ग्राहकों ने आना बंद कर दिया है। इसका जब विरोध किया जाता है है तो टीएसआई वीके शाही द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। इस बीच व्यापारियों के बीच दोपहर करीब एक बजे एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव पहुंचें। एसपी ट्रैफिक से संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि व्यापारी के सम्मान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने एसपी ट्रैफिक से रामनगर- गोला कुआं चौक व्यापार संघ के दुकानदारों की समस्याओं को देखते हुए उनका तत्काल समाधान कराए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस पर एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त व्यापार संघ के नेताओं को आश्वासन दिया कि भविष्य में टीएसआई के द्वारा दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा। वैरिकेडिंग हटाए जाने की मांग पर कहा कि ऐसा रोडमैप तैयार किया जाएगा जिससे ई-रिक्शा के संचालन से किसी तरह का व्यवधान या अड़चन दुकानदारों के व्यापार में न आए। एसपी ट्रैफिक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने दोपहर दो बजे के बाद अपनी-अपनी दुकानें खोल दी।
टीएसआई के व्यवहार को लेकर बंद रहा सफल
रामनगर-गोला कुआं चौक व्यापार संघ के अध्यक्ष शाहिद खान ने बताया कि उनके संगठन से हापुड़ चौराहा से लेकर पटेल नगर तक सड़क की दोनों साइड में 400 दुकानें जुड़ी है। अकेले सिटी वॉल्क प्लाजा में ही 190 दुकानें संचालित हो रही हैं। टीएसआई वीके शाही के द्वारा आए दिन किये जाने ले दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार की सुबह से संपूर्ण बंद रहा। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव के आश्वासन के बाद दोपहर तीन बजे दुकानें खोली गई। बंद का असर कारोबार पर भी पड़ा है।

