लखनऊ, 18 जून (ता)। आईएएस अधिकारी व गौतमबुद्धनगर में तैनात राज्यकर विभाग के अपर आयुक्त संदीप भागिया के खिलाफ उनके ही महकमे में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अधिकारियों के तीनों संगठनों से जुड़े अधिकारियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह की पत्नी की ओर से सीएम को भेजे गए शिकायत पत्र के बाद नोएडा जोन के 60 से अधिक अधिकारियों ने भी प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव राज्य कर और राज्य कर आयुक्त को संयुक्त शिकायत भेजी है। इसमें अपर आयुक्त के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अधिकारियों ने अपने पत्र में लिखा है कि अपर आयुक्त का व्यवहार अत्यंत अपमानजनक, असंवेदनशील एवं मनोबल तोड़ने वाला है। उन्होंने भागिया पर यह भी आरोप लगाया है कि समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकारना और व्यक्तिगत टिप्पणियां करना सामान्य बात हो गई है। इससे काम का माहौल प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों ने पत्र में कहा है कि 12 जून को हुई समीक्षा बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को सभी अधिकारियों के सामने अपमानित किया गया। पत्र के अनुसार वेद प्रकाश ने पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी के कारण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी थी, लेकिन अपर आयुक्त ने असामान्य रूप से आक्रामक प्रतिक्रिया दी। घटना के बाद अधिकारी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी। शिकायतकर्ताओं ने इसे केवल एक अधिकारी का मामला नहीं, बल्कि पूरे अधिकारी वर्ग के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया है। पत्र में लिखा है कि अपर आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद से जोन में भय और तनाव का वातावरण बना है।
मामले की हो निष्पक्ष जांच: उपायुक्त वेद प्रकाश सिंह के मुद्दे पर विभागीय अफसरों के तीनों संगठनों ने राज्यकर विभाग उप्र अधिकारी संघ संयुक्त मंच के बैनर तले बैठक करके अपर आयुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया है। संयुक्त मंच की तरफ से राज्य कर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जांच की मांग: 60 से अधिक अधिकारियों के हस्ताक्षर वाले पत्र में शासन से मांग की गई है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोष तय हो और अधिकारियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण दिया जाए। इस मामले में अपर आयुक्त संदीप भागिया से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।
Trending
- संभल हिंसा पूर्व नियोजित साजिश का नतीजा, आयोग की रिपोर्ट में हुए कई खुलासे
- गडकरी ने चालकों को ट्रैफिक नियमों की सही ट्रेनिंग देने की आवश्यकता पर बल दिया
- राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा अधूरा : उमर अब्दुल्ला
- जम्मू-कश्मीर को राज्य दर्जा बहाली की मांग तेज
- कार के डिवाइडर से टकराने से अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की हादसे में मौत
- विधायक उमाशंकर सिंह को बसपा सुप्रीमो ने दी श्रद्धांजलि
- बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा मेरठ
- आधी रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला जारी
