लखनऊ, 13 जून (ता)। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के लंदन दौरे को लेकर तंज कसा है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि यदि घूमने जाना ही था तो काशी, अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य या मां विंध्यवासिनी धाम जैसे धार्मिक स्थलों पर जाते, जिससे स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन को भी लाभ मिलता।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा से फूल, मिठाई और पूजा सामग्री बेचने वाले छोटे व्यापारियों को फायदा होता। इसके अलावा होटल व्यवसाय, परिवहन क्षेत्र और अन्य स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश के पर्यटन को भी मजबूती मिलती।
अपने पोस्ट में राजभर ने लंदन के रेडब्रिज इलाके का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह लंदन जाकर कौन सी कव्वाली सुनते हैं। साथ ही उन्होंने रेडब्रिज में पाकिस्तानी मूल के लोगों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कई सवाल भी उठाए।
राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें देश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नया भारत और नया उत्तर प्रदेश पर्यटन सुविधाओं और विकास के मामले में काफी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक और काशी, अयोध्या, मथुरा से लेकर राजस्थान, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश तक फैले पर्यटन स्थलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत को समझने के लिए एक जीवन भी कम पड़ सकता है।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के व्यवहार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और स्थानीय कारोबारियों के साथ किसी तरह की अभद्रता नहीं होनी चाहिए और इस दिशा में राजनीतिक दलों को अपने कार्यकर्ताओं को संस्कार और अनुशासन का संदेश देना चाहिए।
Trending
- मुख्यमंत्री जी अभी हजारो हेक्टेयर भूमि और कब्जा मुक्त हो सकती है अफसर शिकायतों का कर रहे हैं फर्जी निस्तारण ढूंढने से भी खेती व कृषि की जमीन
- बाईपास पर एक नामी कंपनी के स्टोर की चर्चा, रेडिसन ब्लू संगरीला द ललिता अशोका जैसे होटलों और नामचीन कंपनियों के सेल्स
- कच्ची कॉलोनियां काटकर और अवैध निर्माण करने तथा सरकारी जमीन घेरकर बेचने वालों के खिलाफ देशभर में चलेगा बुल्डोजर सुविधा शुल्क लेने वाले भी बचा नहीं पाएंगे
- पत्रकारों के साथ जो जनप्रतिनिधि करते थे अब युवाओं के साथ कर रहे हैं
- छोटा हसनपुर से सिसौली तक भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा
- प्रो. उषा सिंह मेजर पद पर हुईं पदोन्नत
- दीपके का ऐलान, जंतर-मंतर पार्ट 2 जल्द
- रक्षाबंधन पर परिवहन निगम छह दिन अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा

