सहारनपुर 28 मई। पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाले चार आरोपितों को यूपी एटीएस की टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपितों से शहजाद भट्टी के साथ ही दूसरे पाकिस्तानी गैंग्सटर आबिद जट्ट ने भी संपर्क किया था। एटीएस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही शहजाद भट्टी से इंटरनेट मीडिया पर संपर्क रखने वाले 23 युवकों को एसटीएफ मेरठ की यूनिट ने हिरासत में लेकर पूछताछ की है। यह युवक मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। हालांकि पूछताछ के बाद सभी को छोड दिया गया।
यूपी एटीएस को अन्य सहयोगी इकाइयों से पिछले काफी समय से जानकारी मिल रही थी कि पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी व आबिद जट्ट पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के इशारों पर भारतीय युवाओं को भ्रमित कर भारत में सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने के लिए उकसा रहे थे। यूपी एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक पिछले काफी समय से महकाब व शाहरूख निवासी गांव ठीक्का कलां सहारनपुर, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह निवासी शाहपुर मुजफ्फरनगर, मुशर्रफ निवासी गांव ढंढेरा रुड़की, हरिद्वार के सोशल मीडिया एकाउंट पर नजर रखी जा रही थी।
गिरफ्तार इन चारों आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से वह शहजाद आबिद से जुड़े थे। आबिद ने इन लोगों को दूसरे प्रदेश की एक राजनैतिक पार्टी के कार्यालय व अस्पताल तथा एक अन्य व्यक्ति (जिसके कई स्कूल हैं) को निशाना बनाकर उड़ाने के लिए व रेकी करने के लिए कहा था। आबिद ने चारों आरोपितों को यह भी कहा था कि काम हो जाने के बाद उन्हें अगला टारगेट भी दिया जाएगा। आबिद ने वीडियो काल के माध्यम से चारों आरोपितों को भारत में कई जगहों पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देकर दहशत फैलाने की बात भी कही थी। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा नक्युक्कों को अपने साथ जोड़ने के लिए कहा था आतंकी मंसूबों को अंजाम देने के लिए महकाब व गगनदीप ने अपने साथ शाहरूख व मुशर्रफ को भी जोड़ा था। इन्होंने मुशर्रफ व शाहरूख को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अस्पताल उड़ाने के लिए रेकी करने और हथियार खरीदने की बात भी की थी। महकाब व गगनदीप ने नौएड़ा में एक मीटिंग की थी। इस मीटिंग में ही आरोपितों के बीच रुपये व हथियार आदि लेने की बात हुई थी।

