कैमूर 16 मई। जिले में सूटकेस और बोरे में मिली टुकड़ों में काटी गई 4 लाशों के केस में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। इसी कड़ी में रामगढ़ इलाके में एक घर को सील कर दिया गया है। जिन लोगों की लाशों को काट कर सूटकेस और बोरे में डाला गया था, उनमें एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे थे। पुलिस को सुराग बच्चे के कपड़े से मिला। एक छोटे से ‘टैग’ ने पुलिस को अपराधियों के गिरेबान तक पहुंचा दिया. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच अब अपने अंतिम चरण में है और पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चारों कटे हुए सिरों की तलाश में जुट गई है.
एक के बाद एक 4 सिर कटी लाशें मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा था. शव इतनी बुरी तरह से कटे हुए थे कि यह पहचानना मुश्किल था कि वे महिला के हैं या पुरुष के. लेकिन टर्निंग पॉइंट तब आया जब एक बच्चे के शव के पास से आंगनबाड़ी का ड्रेस बरामद हुआ. इस ड्रेस पर ‘रामगढ़ सिलाई दुकान’ का टैग लगा था. पुलिस ने तुरंत रामगढ़ इलाके के आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच शुरू की. जांच में पता चला कि एक बच्चा कई दिनों से आंगनबाड़ी केंद्र नहीं आ रहा है. यह सुराग पुलिस के लिए इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने की ‘मास्टर चाबी’ साबित हुआ.
आंगनबाड़ी के सुराग के आधार पर पुलिस की तफ्तीश रामगढ़ थाना क्षेत्र के डहरक गांव पहुंची. यहां पता चला कि गांव के रहने वाले कृष्ण मुरारी का पूरा परिवार (पांच सदस्य) पिछले 5-6 दिनों से रहस्यमय तरीके से गायब है. घर पर बाहर से ताला जड़ा हुआ है. परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं. कैमूर एसपी हरि मोहन शुक्ला ने इस परिवार को संदिग्ध मानते हुए फौरन मकान को सील करवा दिया. फिलहाल वहां चौकीदारों का पहरा लगा दिया गया है.
बता दें कि 10 मई को पहले दुर्गावती नदी में एक सूटकेस में दो लोगों की लाशे कटी हुई मिली थीं। इसके बाद 12 मई को रामगढ़ में सड़क किनारे झाड़ियों भी बोरे में इसी तरह से काटी गई दो लाशें बरामद हुईं। कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने गायब कृष्ण मुरारी के घर को सील किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

