मेरठ, 14 मई (प्र)। अगले साल यूपी में होने वाले विधान सभा चुनावों में बिसात बिछाने का सिलसिला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पदयात्रा निकालकर शुरू कर दिया है। इन पार्टियों से अलग आजाद समाज पार्टी ने सपा और बसपा को तगड़ा झटका देते हुए इसके नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। खुद आसपा प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद रावण इन नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराने के लिए मेरठ पहुंचे । पत्रकारों से बातचीत में रावण ने जिले की सातों विधानसभा सीट पर अकेले चुनाव लड़ते हुए अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना से सांसद चन्द्रशेखर आजाद रावण बुधवार को मेरठ पहुंचे। उन्होंने यूपी में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी उतारने का ऐलान करते हुए कहा कि आसपा समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनका लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां समानता और न्याय हो।
उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने साफ कहा कि इस बार लाठी गोली नहीं, बल्कि जनता की सरकार बनेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि मैं धन्यवाद करता हूं उनको जिन्होंने आजाद समाज पार्टी में अपनी आस्था दिखाई। मेरठ से 1857 की क्रांति परवान चढ़ी, अंग्रेजों के पैर उखाड़ दिए। जो अंग्रेज कहते थे कि भारत कभी आजाद नहीं होगा, उनको भारत छोड़कर भागना पड़ा। उसी
क्रांति धरा मेरठ में आना मेरा सौभाग्य है। सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि आसपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है और समानता, सम्मान तथा न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों से गांव- गांव और मोहल्लों तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया है।
खरदौनी समेत कई नेता आसपा में शामिल : सांसद चन्द्रशेखर रावण के समक्ष सपा, बसपा के नेताओं ने अपनी पार्टी छोड़कर आसपा में शामिल होने की घोषणा की। इनमें सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव बाबर चौहान खरदौनी, सपा पार्षद पार्षद कुलदीप कीर्ति घोपला, बसपा नेता तौफीक इलाही, नूर सैफी, सतकुमार प्रजापति, मितन कुमार जाटव, हारुण, अजीत सिंह जौली, बलींचद्र पाल, सुमैर सिंह धार, गजेंद्र सिंह, इंतजार सैफी इंचौली, शाकिब चौधरी, कर्मवीर प्रजापति, अश्वनी कुमार शर्मा, जीशान भाटी, इमरान प्रधान, योगेंद्र मालिक रालोद, धर्मेंद्र मालिक, ओंकार, हरबीर, अमरपाल, सोनू वर्मा, तेजवीर, पप्पू, सुनील, मधुर, सुहबीर, बालिंदर सिंह, सोनपाल, वीरपाल सिंह, विजेंद्र, राहुल राणा, संदीप कुमार, अवधेश कुमार, शिवैन चौधरी, हरीश भसीन, चरनपाल सिंह, तेजपाल सिंह, बाबूराम वर्मा, राजपाल सिंह, प्रदीप कुमार, देवेद्र कुमार गौतम, दीवान गिरी गोस्वामी, किशनलाल, रामकला सिंह, शांति स्वरूप, श्रीरामजी, इंद्रपाल सिंह, प्रेमचंद, लाला रामवर्मा, राजपाल सिंह, आईपी वर्मा, अमर सिंह, चुक्कन लाल, विनोद कुमार, ओमपाल सिंह सेवानिवृत्त एजी, जगदीश राजा आदि मौजूद रहे।

