भौंरा कलां (मुजफ्फरनगर) 22 सितंबर। सपा की पीडीए पंचायत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तहसील, थाना और सरकारी कार्यालय भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। अधिकारी गरीब, किसान और मजदूरों की समस्याओं को नहीं सुनते जबकि लेखपाल मामूली कार्यों के लिए किसानों से अवैध उगाही कर रहे हैं।
सपा नेता विधान परिषद सदस्य किरणपाल कश्यप ने भौराकलां में पीडीए पंचायत का आयोजन किया था, जिसमें सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव मुख्य अतिथि थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद कर कहा कि वे ईमानदार किसान नेता थे, जिन्होंने पटवारियों के बस्ते रखवा दिए थे। सपा सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए राजस्व संहिता में बदलाव किए। ग्रामीणों के पैतृक घरों के लिए घरौनी योजना लागू की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अब घरों पर बाबा का बुलडोजर चल रहा है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के योगदान को भी याद किया। कहा कि मुलायम सिंह यादव ने रक्षा मंत्री रहते हुए सीमा पर शहीद हुए जवान का शव घर भेजने का कानून बनाया और किसान-मजदूर-गरीब जनता के हित में काम किया। उन्होंने मसीहा नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को भी नमन किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दुगनी करने के वायदे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज किसान यूरिया-खाद की एक बोरी के लिए परेशान हैं। प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ गए हैं। जीएसटी घटाने की बात करने वाली भाजपा ने ही इसे लागू किया और दूध-दही से लेकर विधायक निधि तक पर टैक्स लगा दिया। सपा सरकार ने जो सड़कें बनाईं, भाजपा उन पर भी टोल वसूल रही है। प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महिलाएं असुरक्षित हैं। बिजली और सड़क की हालत खराब है। स्मार्ट मीटर तेजी से घूम रहे हैं।
शिवपाल ने सपा नेता आजम खान और उनके परिवार पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दस बार विधायक और दो बार सांसद रहे आजम खान को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया है। उनके परिवार, पत्नी और बेटे को भी परेशान किया जा रहा है। शिवपाल ने स्पष्ट किया कि सपा आजम खान और हर उस नेता के साथ खड़ी है, जिसे राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया गया है।
शिवपाल ने मीडिया पर सरकार के इशारों पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुबह से शाम तक कुछ खास नेताओं की छवि चमकाने का काम हो रहा है, जबकि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।