वॉट्सऐप ने अपनी सुविधाओं का विस्तार करते हुए स्क्रीन शेयरिंग फीचर को सभी के लिए रोलआउट कर दिया है। यह फीचर उन लोगों के लिए गेम-चेंजर साबित हो रहा है जो घर से काम (Work from home) करते हैं या जिन्हें तकनीकी सहायता के लिए दूसरों को अपने फोन की स्क्रीन दिखानी पड़ती है लेकिन साइबर एक्सपर्ट्स ने इस फीचर को लेकर एक गंभीर चेतावनी भी जारी की है।
WhatsApp पर स्क्रीन शेयरिंग का तरीका
WhatsApp के बाकी फीचर्स की तरह स्क्रीन शेयरिंग को यूज करना भी बहुत आसान है. इसके लिए सबसे पहले WhatsApp ऐप ओपन करें. अब उस कॉन्टैक्ट के पास वीडियो कॉल करें, जिससे आप स्क्रीन शेयर करना चाहते हैं. इसके बाद जब सामने वाला यूजर वीडियो कॉल रिसीव कर लेगा तो आपको स्क्रीन पर स्क्रीन शेयर करने का ऑप्शन नजर आ जाएगा. आपको बस स्क्रीन शेयर आइकन पर टैप करना है. इसके बाद कुछ परमिशन देते ही आपकी स्क्रीन शेयर होने लगेगी.
फ्रॉड से रहें सुरक्षित
WhatsApp पर किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ स्क्रीन शेयर करने से बचना चाहिए. दरअसल, साइबर अपराधी इस फीचर का यूज कर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं. ये लोग बैंक या सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और सामने वाले को स्क्रीन शेयर करने को कहते हैं. अगर कोई इनकी बातों में आकर स्क्रीन शेयर कर देता है तो साइबर अपराधी उसकी सारी डिटेल्स देख लेते हैं, जिनकी मदद से पैसा और डेटा उड़ाया जा सकता है.
इन बातों का रखें ध्यान
हमेशा भरोसेमंद कॉन्टैक्ट के साथ ही स्क्रीन शेयर करें. अनजान लोगों के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें. अगर कोई सरकारी अधिकारी बनकर आपको स्क्रीन शेयर करने की बात कहता है तो समझ लें कि कुछ गड़बड़ है. इसके अलावा काम पूरा होने के बाद स्क्रीन शेयरिंग फीचर को बंद कर दें.

