पटना 11 अप्रैल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफे से पहले CM हाउस खाली कर रहे हैं। 1 अणे मार्ग से सामान 7 सर्कुलर रोड बंगले में शिफ्ट हो रहा है। मुख्यमंत्री आवास से ट्रैक्टर ट्रॉली में सामान बाहर ले जाया जा रहा है।
नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद की शपथ ली। सूत्रों की मानें तो नीतीश 14 अप्रैल को CM पद से इस्तीफा दे सकते हैं। 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार बन सकती है।
ये वही बंगला है जो पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर उनके लिए तैयार किया गया है। सामान की ये शिफ्टिंग इस बात का पुख्ता संकेत है कि नीतीश कुमार आगामी 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इस प्रशासनिक और व्यक्तिगत हलचल ने पटना के राजनीतिक तापमान को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते है नीतीश
राजनीतिक हलकों में ये चर्चा आम है कि नीतीश कुमार संविधान 14 अप्रैल को अपने पद से त्यागपत्र दे सकते हैं। इस तारीख को चुनने के पीछे कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। इस्तीफे की औपचारिकता पूरी होते ही वे मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे, जिसकी तैयारी सामान की शिफ्टिंग के रूप में शुरू हो चुकी है।
नीतीश कुमार का नया ठिकाना अब 7 सर्कुलर रोड होगा। पिछले कुछ दिनों से इस बंगले में युद्ध स्तर पर रेनोवेशन और साज-सज्जा का काम चल रहा था। खुद नीतीश कुमार ने कुछ समय पहले वहां जाकर काम की प्रगति का जायजा लिया था। अब जब उनके राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ले लिए तो इस बंगले को उनके रहने के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री आवास से सामान का बाहर निकलना केवल एक व्यक्ति का घर बदलना नहीं, बल्कि बिहार में एक युग के अंत और नए नेतृत्व के उदय का प्रतीक है। भाजपा के साथ चल रही बैठकों के बीच ये साफ हो गया है कि अब मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कोई नया चेहरा बैठेगा। नीतीश कुमार ने दिल्ली जाने से पहले अपने घर को समेटना शुरू कर दिया है, जो शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा है।

