ग्वालियर 23 फरवरी। दिल्ली पुलिस ने एआई समिट प्रदर्शन मामले में यूथ कांग्रेस एक और कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र यादव को ग्वालियर से पकड़ा है. साथ ही पुलिस ने सोमवार को यूथ कांग्रेस के दो और नेताओं को ग्वालियर से पकड़ा है। इनके नाम राजा गुर्जर और अजय कुमार हैं। एक आरोपी कृष्ण हरि की गाड़ी बरामद की है. कार से एक टी शर्ट और पोस्टर बरामद किया गया है. वहीं इस मामले में अब तक ये पांचवीं गिरफ्तारी है.
दिल्ली (तिलक नगर थाना) पुलिस की टीम ग्वालियर आई थी। स्थानीय पुलिस की मदद से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र और झांसी रोड थाना क्षेत्र से तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के लिए तीनों को दिल्ली ले जाया गया है।
एआई समिट प्रदर्शन मामले में दिल्ली स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच पुलिस मामले की जांच कर रही है. दोनों ही एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहे हैं. दिल्ली समेत एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर छापेमारी जारी है. बताया जा रहा है कि यूथ कांग्रेस के एक दर्जन से ज्यादा नेता दिल्ली पुलिस की रडार पर हैं. पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे प्रदर्शन के वीडियो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान करने के बाद उनकी तलाश कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
ग्वालियर से पकड़े गए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र यादव के परिजनों ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि दिल्ली पुलिस जितेंद्र को घर से मारपीट करते हुए ले गई. जितेंद्र के पिता केशव का कहना है यह भी नहीं बताया कि उसे क्यों ले जाया जा रहा है. इसके बाद कांग्रेस के नेताओं से संपर्क किया. सुबह कांग्रेस नेताओं के साथ एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे. यहां से भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई. परिजनों का कहना है कि अगर वह आंदोलन में शामिल हुआ था और उस पर कोई एफआईआर थी तो यह जानकारी दी जानी चाहिए थी.
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में युवक कांग्रेस ने AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 11 कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं।
टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड। इन्हीं वीडियो के आधार पर दिल्ली पुलिस युवक कांग्रेस के नेताओं की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।

