ग्रेटर नोएडा 07 फरवरी (प्र)। ग्रेटर नोएडा के ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित श्रीराधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में गुरुवार रात पार्टी के दौरान हुए विवाद में गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सेंट्रल नोएडा जोन के एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि युवती ने दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया।
बिसरख कोतवाली में युवती के बड़े भाई की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी निवासी आरोपी हेड कांस्टेबल आशीष पवार (34) को हिरासत में ले लिया गया है।
मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी युवती प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। वह टेकजोन-4 स्थित गौड़ सौंदयर्म सोसाइटी में रहती है और हेड कांस्टेबल व युवती पांच वर्ष से संपर्क में थे और पिछले छह माह से लिवइन में रह रहे थे। दोनों शादी करना चाहते थे। युवती के स्वजन को भी जानकारी थी, वह भी सहमत थे। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि आरोपित व प्रेमिका ने कुछ समय पहले हरिद्वार गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। जिसे पहली पत्नी से तलाक प्रक्रिया पूरी नहीं होने से सार्वजनिक नहीं किया था।
मूलरूप से बागपत के ककड़ीपुर निवासी आशीष का पत्नी से विवाद चल रहा है। वह दो बच्चों के साथ अलग रहती है। आरोपी ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई है।
बृहस्पतिवार रात युवती के साथ प्रापर्टी डीलिंग का काम करने वाले नीरज ने श्रीराधा स्काई गार्डेन सोसाइटी के टावर नंबर-7 में किराये के फ्लैट में पार्टी आयोजित की थी। इसमें आशीष युवती के साथ पहुंचा। उसके पास लाइसेंसी पिस्टल, रिवॉल्वर और सर्विस रिवॉल्वर थी। आरोपी ने फ्लैट के कमरे में हथियारों को मेज पर रख दिया था। युवती की दोस्त करुणा अपने भाई के साथ पहुंची थी। सभी ने देर रात तक पार्टी की।
बताया गया कि पार्टी के दौरान रात करीब 12 बजे आशीष के मोबाइल पर उसकी पत्नी की व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई जिसका युवती ने विरोध किया। इसको लेकर दोनों के बीच काफी देर बहसबाजी हुई। बाकी लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
आरोप है कि रात करीब 1 बजे युवती उस कमरे में पहुंची जहां आरोपी ने तीनों हथियार रखे। उसने लाइसेंसी पिस्टल उठाकर अपनी कनपटी में दाईं तरफ से गोली मार ली। गोली उसकी कनपटी को पार करती हुई बाईं तरफ से निकल गई।
आरोपी ने पहले युवती को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया लेकिन गोली की आवाज से सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सुरक्षा गार्डों ने सोसाइटी प्रबंधन को सूचना दी। इस तरह वह खुद को फंसता देख कार में युवती को लेकर यथार्थ अस्पताल पहुंचा। यहां उसने पहले गोली लगने की बात छिपाई और कहा कि युवती सड़क दुर्घटना में घायल हो गई।
आरोपी ने युवती का नाम भी अस्पताल में एंट्री के समय पूजा बताया। डॉक्टरों ने मामला संदिग्ध देखते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही आशीष को छोड़कर अन्य चार आरोपी फरार हो गए। पुलिस के आने के बाद मामले की सूचना युवती के परिजन को दी गई। फिलहाल मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के प्रेमी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है, वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

