लखनऊ 04 फरवरी। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के लिए आगामी 27 फरवरी तक सभी बूथों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। उनके पास फॉर्म 6, 7 और 8 के साथ ड्राफ्ट मतदाता सूची, मतदाता सूची से काटे गए नामों की सूची, वर्ष 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा वोटर असिस्टेंट बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। मतदाता अपने बूथ पर जाकर मैपिंग का कार्य भी करा सकेंगे। यह जानकारी मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराकर उनका निस्तारण किया जाएगा। जिन मतदाताओं की मैपिंग का कार्य अभी नहीं हो सका है, उन्हें नोटिस भेजकर अभिलेखीय साक्ष्य मांगे जा रहे हैं। वहीं 6 फरवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण में सुनवाई व सत्यापन के साथ दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 6 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वह अपना मोबाइल नंबर इपिक नंबर के साथ लिंक करा लें। वहीं दूसरी ओर उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन महिलाओं ने भारतीयों से शादी की है, उन्हें मतदाता बनने के लिए भारतीय नागरिकता लेनी होगी। इसके बाद ही वह मतदाता बनने के लिए आवदेन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बुक कॉल विद बीएलओ सुविधा में यूपी का प्रदर्शन बेहतर पाया गया है। इसके लंबित मामलों में यूपी चौथे स्थान पर है, हालांकि बड़े राज्यों में यूपी पहले स्थान पर है। पहले स्थान पर लद्दाख है, जहां कोई मामला लंबित नहीं है। इसी तरह मिजोरम में 54 और सिक्किम में 266 कॉल आने पर समस्याओं का निस्तारण किया गया है। यूपी में 2,36,233 कॉल आई थीं, जिसमें से 1412 (0.6 फीसद) लंबित हैं। वहीं केरल में 32 फीसद, असम में 34 फीसद, पश्चिम बंगाल में 22.53 फीसद मामले अभी लंबित हैं।
वहीं फॉर्म 7 के बारे में भी उन्होंने स्पष्ट किया है इसमें जिसका नाम कटा है और जिसने फॉर्म जमा किया है, बीएलओ द्वारा दोनों को नोटिस भेजा जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित व्यक्ति ने ही फॉर्म को भरा है।

