मेरठ, 10 अगस्त (प्र)। दौराला थानाक्षेत्र में कांवड़ियों ने शिवभक्ति के साथ भाईचारे का संदेश दिया। गत दिवस दिल्ली-दून हाईवे पर सिवाया गांव के निजाम (40) का जनाजा कब्रिस्तान की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ थी। जनाजा पहुंचते ही शिवभक्तों ने अपने कदम रोक दिए। डीजे बंद कर दिए गए। कांवड़ियों ने एक-दूसरे को रोककर जनाजे के लिए रास्ता बनाया। जनाजा गुजरने के बाद ही शिवभक्त अपनी यात्रा पर आगे बढ़े। निजाम का हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच परिजनों के सामने जनाजा निकालने की चुनौती थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही दौराला थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सिवाया गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की मौजूदगी में परिजन जनाजा लेकर कब्रिस्तान की ओर बढ़े। हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर शिवभक्तों को रोक दिया। जब कांवड़ियों ने पुलिस से रोकने का कारण पूछा, तो उन्हें बताया गया कि गांव से एक जनाजा गुजरना है।
यह सुनते ही कई कांवड़ियों ने खुद ही दूसरे शिवभक्तों को इसकी जानकारी देनी शुरू कर दी। देखते ही देखते, कांवड़ियों ने एक-दूसरे को रोककर जनाजे के लिए रास्ता खाली कराना शुरू कर दिया। इस दौरान डीजे भी बंद कर दिए गए।
कांवड़ मार्ग पर भक्ति गीतों और डीजे की गूंज के बीच कुछ देर के लिए पूरी तरह शांति छा गई। कांवड़िए जनाजा निकलने तक वहीं रुके रहे और परिजनों को रास्ता दिया। ग्रामीणों ने शिवभक्तों के इस भाईचारे और इंसानियत के उदाहरण की सराहना की।
Trending
- उड़ने वाला वाहन के प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण
- जिस जेन जी ने सरकार के सामने नए सवाल खड़े किए
- ढाई फीट के चीनू की कांवड़ यात्रा रही आकर्षण का केंद्र
- जनाजा निकला तो थम गए कांवड़ियों के कदम, बंद हो गए डीजे
- श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए 6 दिसंबर को कारसेवा का ऐलान
- सड़ा मीट, खराब सब्जियां और एक्सपायर्ड दूध, 5-स्टार होटलों के खाने का सच आया सामने
- मथुरा में कारसेवा के लिए पूजा शुरू: चित्रगुप्त पीठ में हवन-यज्ञ, बैठक के बाद साधु-संत करेंगे शंखनाद
- 12 अगस्त को लगेगा साल का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण, दिन में छा जाएगा अंधेरा

