मेरठ 16 जुलाई (प्र)।30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान लोग नमो भारत ट्रेन के द्वारा दिल्ली आ जा सकेंगे। शहर के रूट प्लान में पुलिस ने नमो भारत व मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए व्यवस्था की है। हापुड़ और गढ़ रोड और दिल्ली रोड पर एक साइड में कांवड़िये और दूसरी साइड में शहर के लोग अपने वाहनों से चल सकेंगे।
नमो भारत व मेट्रो ट्रेन में सवार होने वाले लोगों को अंतिम दिन तक भी रोका नहीं जाएगी। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि शास्त्रीनगर या मवाना रोड, यूनिविर्सटी रोड के वाहन माल रोड से जीरोमाइल जा सकेंगे। हापुड़ अड्डे के आसपास के लोग हापुड़ रोड से ही बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर जा सकेंगे।
इसी तरह से बिजली बंबा मार्ग से भी शताब्दीनगर नमो भारत स्टेशन पर लोगों को जाने दिया जाएगा। एडीजी ने स्पष्ट कर दिया कि नमो भारत और मेट्रो ट्रेन से आने और जाने वालों को रोका नहीं जाएगा। ई-रिक्शा और आटो के बंद होने पर लोग मेट्राे ट्रेन से ही सफर कर सकेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे और इकोनोमिक कोरिडोर दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड हाईवे के सभी कटों पर पुलिस लगा दी जाएगी। दोनों ही मार्गों पर कांवड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कांवड़िये पहले से परंपरागत मार्गों से ही संचालित होंगे।
मेरठ से दिल्ली या देहरादून जाने वाले लोगों को सरधना रोड या बागपत रोड से इकोनोमिक काेरिडोर पर चढ़ाया जाएगा। दोनों मार्गों पर वाहनों के आने जाने की व्यवस्था की जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ काे दिल्ली से जोड़े रखा जाएगा। उसके लिए हल्के और भारी वाहनों का दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर संचालन जारी रहेगा। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
इन मार्गाें से चार पहिया हल्के वाहन जा सकेंगे मेरठ से दिल्ली
मार्ग 1 : शहर के अंदर से हापुड़ रोड या यूनिवर्सिटी रोड होते हुए तेजगढ़ी पहुंचेंगे, वहां से पीवीएस रोड होते हुए एल ब्लाक चौकी से हापुड़ रोड पर पहुंचेंगे। बिजली बंबा बाइपास से दैनिक जागरण चौराहा वहां से परतापुर बाइपास पहुंचेंगे। वहां से एक्सप्रेस-वे से होकर दिल्ली जा सकते है। इसी मार्ग से वापस आ सकेंगे है। यह मार्ग हल्के वाहनों के लिए है।
मार्ग 2 : शहर के अंदर से यूनिवर्सिटी रोड होते हुए तेजगढ़ी पर पहुंचने। यहां से पीवीएस रोड होते हुए एल ब्लाक चौकी से हापुड़ रोड पर पहुंचेंगे। हापुड़ से डासना होते हुए गाजियाबाद और दिल्ली निकल सकते हैं। इसी मार्ग से मेरठ भी आ सकते हैं। इस मार्ग पर हल्के वाहनों का संचालन जारी है।
मार्ग 3 : शहर के अंदर से यूनिवर्सिटी रोड होते हुए टैंक चौराहे से कंकरखेड़ा निकलेंगे। वहां से दिल्ली देहरादून हाईवे पर चढ़कर मोदीनगर से मुरादनगर होते हुए गाजियाबाद से दिल्ली जा सकते है। ये मार्ग वन-वे है, इस पर हल्के वाहनों का संचालन जारी है। इसी मार्ग से दिल्ली से मेरठ आ सकते है।
मार्ग 4 : शहर के अंदर से यूनिवर्सिटी रोड होते हुए टैंक चौराहे से कंकरखेड़ा निकलेंगे। वहां से दिल्ली देहरादून हाईवे) पर चढ़कर परतापुर इंटरचेंज से एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली जा सकते है।

