मेरठ 11 जुलाई (प्र)। 22 जुलाई को प्रस्तावित चौधरी चरण सिंह विवि के 38 वें दीक्षांत समारोह में 181 मेधावियों को पदक एवं प्रमाण पत्र मिलेंगे। विवि ने शुक्रवार को मेडल विजेताओं की सूची जारी कर दी। यदि सूची पर कोई आपत्ति है तो छात्र 12 जुलाई की शाम चार बजे तक सामान्य विभाग में दर्ज करा सकते हैं। विवि उक्त समारोह में 57 मेधावियों को प्रायोजित और 120 छात्र-छात्राओं को कुलपति स्वर्ण पदक देगा। नए नियमों के बाद इस साल विवि में मेडल कम हुए हैं।
दीक्षांत में 2025 का कुलाधिपति स्वर्ण पदक कैंपस एवं कॉलेजों में पीजी स्तर पर आर्ट फैकल्टी में जाएगा। एमए ड्राइंग एंड पेंटिंग में काजल को चांसलर मेडल दिया जाएगा। डॉ.शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक लॉ फैकल्टी में रहेगा। एलएलएम की छात्रा मुक्ता भारद्वाज को डॉ.शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण मिलेगा। बीएससी कृषि में टॉप-2 मेधावियों के लिए मिलने वाला चौ.चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार वर्णिका शर्मा और रुचि कुमारी को मिलेगा। दोनों की विवि में पहली एवं दूसरी रैंक है। कृषि जैसे विषय में इस बार दोनों पुरस्कार छात्राओं को मिलने जा रहे हैं।
इन टॉपर्स को मिलेंगे पदक
एमएसएसी फिजिक्स में हादिया जैदी को पुष्पलता स्वर्ण पदक, एमएजेएमसी में गीतांजलि शर्मा को अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक, एमए संस्कृत रेगुलर में नीतू पाल को श्रीनिवास स्मृति स्वर्ण पदक, एमए संस्कृत प्राइवेट में अनल को रतिराम शास्त्री साहित्य भंडार स्मृति स्वर्ण पदक, एमएससी सांख्यिकी में शिवानी चौहान को प्रो.बनवारी लाल स्वर्ण पदक, एमकॉम में जानशी को मुरारी लाल माहेश्वरी मेमोरियल स्वर्ण पदक, एलएलबी में निखिल पंवार को दाताराम शिंगल स्वर्ण पदक, बीकॉम में अक्शा को दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया स्वर्ण पदक, एमएससी गृह विज्ञान टैक्सटाइल एंड क्लोथिंग में शिवानी को गिन्नी देवी मोदी स्वर्ण पदक, एमए हिन्दी में इफरा रिजवी को जगदेव शांत स्वतंत्रा संग्राम सेनानी स्वर्ण पदक, बीएससी गृह विज्ञान में सुदीक्षा पंवार को गिन्नी देवी मोदी स्वर्ण पदक, एमएससी गृह विज्ञान में अवलीन कौर को गिन्नी देवी मोदी स्वर्ण पदक, एलएलएम में मुक्ता भारद्वाज को शंकर लाल मैमोरियल स्वर्ण पदक मिलेगा। इन सभी ने विवि में प्रथम स्थान हासिल किया है।
कॉलेजों के टॉपर्स के पदक
कॉलेजों को टॉप करने के लिए एमए समाजशास्त्र में मिताली सिंह को डॉ.राम मनोहर लोहिया स्मृति स्वर्ण पदक, एमए अर्थशास्त्र में नैना को डॉ.राम मनोहर लोहिया स्मृति स्वर्ण पदक, एमएससी भौतिकी में हादिया जैदी को प्रकाशवती दयाल स्वर्ण पदक, एमएससी बॉयोटेक में ईशा बंसल को आरपी चड्ढा मेरिटोरियस स्वर्ण पदक, एमबीबीएस में द्विजा बाली को डॉ.जीपी एल्हेन्स स्वर्ण पदक, बीबीए में अभय कुमार शर्मा को आरपी चड्ढा मेरिटोरयिस स्वर्ण पदक, बीसीए में अलीशा खान के आरपी चड्ढ़ा मेरिटोरियस स्वर्ण पदक, बीटेक में अमन प्रताप सिंह को पंडित मधुसूदन काक स्मृति स्वर्ण पदक, एमए मनोविज्ञान में सुनदश राजी को डॉ.केजी शर्मा स्वर्ण पदक, एमएससी जूलॉजी में कुनाल मलिक को प्रो.कृष्ण अवतार गोयल स्मृति स्वर्ण पदक एवं बीएससी बॉयोटेक में साक्षी को आरपी चड्ढा मेरिटोरियस स्वर्ण पदक दिया जाएगा। कैंपस को टॉप करने वाले 33 मेधावियों को भी प्रायोजित स्वर्ण पदक से पुरस्कृत किया जाएगा।

