मेरठ 04 जून (प्र)। शहर के प्रतिष्ठित होटल सम्राट हैवन्स का खरीदार मिलते ही नए मालिक के नाम होगा होटल भविष्य अगले एक महीने में तय हो सकता है। पंजाब नेशनल बैंक फिलहाल मेरठ और आसपास के कारोबारियों के बीच इस संपत्ति के लिए संभावित खरीदार तलाश रहा है, लेकिन यदि निर्धारित अवधि में कोई उपयुक्त खरीदार नहीं मिलता है तो बैंक बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों के निवेशकों के लिए ई- ऑक्शन प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके लिए नियमानुसार सार्वजनिक विज्ञापन जारी किया जाएगा और ऑनलाइन नीलामी के माध्यम संपत्ति का हस्तांतरण किया जाएगा। गढ़ रोड स्थित सम्राट हैवन्स कभी मेरठ के सबसे चर्चित होटल और बैंक्वेट परिसरों में शामिल रहा है। वर्षों तक यहां बड़े सामाजिक, व्यावसायिक और पारिवारिक आयोजन होते रहे। अब बैंक की नजर अपने बकाया ऋण की वसूली पर है और इसी उद्देश्य से संपत्ति के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
पंजाब नेशनल बैंक की दिल्ली स्थित विशेष आस्ति प्रबंधन शाखा से जुड़े अधिकारी जे आई गोपाल सिंह ने बताया कि बैंक पूरी प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप आगे बढ़ा रहा है। फिलहाल, स्थानीय स्तर पर संभावित खरीदारों से संपर्क और बातचीत जारी है। यदि अगले एक महीने के भीतर मेरठ जिले से कोई उपयुक्त खरीदार सामने नहीं आता है तो बैंक ई-ऑक्शन का विज्ञापन जारी करेगा, ताकि अन्य जिलों और राज्यों के निवेशक भी बोली प्रक्रिया में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बकाया ऋण की वसूली करना है। इसके लिए सरफेसी अधिनियम और बैंकिंग नियमों के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। रिजर्व प्राइस पहले से निर्धारित है और अंतिम बिक्री पूरी तरह पारदर्शी बोली प्रक्रिया के आधार पर होगी।
खरीदार मिलते ही नए मालिक के नाम होगा होटल
पंजाब नेशनल बैंक की दिल्ली स्थित विशेष आस्ति प्रबंधन शाखा से जुड़े अधिकारी जेआई का कहना है कि खरीदार मिलने के बाद नीलामी प्रक्रिया पूरी कर स्वामित्व नए पक्ष को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। वहीं शहर के कारोबारी और होटल उद्योग से जुड़े लोग भी इस बहुमूल्य संपत्ति के अगले अध्याय पर नजर बनाए हुए हैं। सम्राट हैवन्स की संभावित विक्री को मेरठ के आतिथ्य और रियल एस्टेट क्षेत्र की बड़ी घटनाओं में माना जा रहा हैं।
खबरें अफवाह, कोई नोटिस नहीं मिलाः निशांत गुप्ता
सम्राट हैवन्स होटल के मालिक निशांत गुप्ता ने कहा कि पीएनबी की ओर से होटल की नीलामी को लेकर अभी तक कोई नोटिस प्राप्त नही हुआ है। उन्होंने कहा कि बैंक यदि किसी प्रका कार्रवाई करेगा तो नियमानुसार उसकी जानकारी दी जाएगी और प्रक्रिया स्पष्ट की जाएगी। फिलहाल नीलामी की कोई तारीख या आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। निशांत गुप्ता ने कहा कि होटल पूरी तरह सुरक्षित है और नीलामी को लेकर जो बातें फैलाई जा रही है, वे केवल अफवाह हैं।

