लखनऊ 03 अप्रैल। यूपी में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शुक्रवार को आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। बहराइच, गोंडा और कानपुर सहित कई शहरों में बादलो की आवाजाही शुरू हो गई है। हवाएं तेज चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। इससे पहले, गुरुवार देर रात अयोध्या में हल्की बूंदाबांदी हुई। ललितपुर में आंधी के साथ बारिश हुई।
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 3 अप्रैल को यूपी के पश्चिमी संभाग के करीब 20 जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है.वहीं पूर्वी यूपी में आज मौसम पूरी तरह सामान्य रहने वाला है. 4 अप्रैल को प्रदेश के दोनों ही संभाग में मौसम का बदला बदला रूख देखने को मिलेगा. इए दौरान करीब 50 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी.कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी हुआ है.
20 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर,अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर,अमरोहा, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आसमान पूरी तरह साफ होगा.इस दौरान यहां न्यूनतम तापमान 21 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. अगले 24 घण्टे बाद इसमें थोड़ी कमी भी देखने को मिलेगी.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 अप्रैल से लेकर 8 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। 4 और 5 अप्रैल को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। 6 अप्रैल को पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 7 और 8 अप्रैल को भी कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

