
साहिबाबाद 12 फरवरी। कौशांबी थाना क्षेत्र के एक होटल में पुलिस ने मंगलवार रात छापामारी कर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 11 युवतियों को मुक्त कराकर होटल मैनेजर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में फरार चार आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस ने मौके से काफी आपत्तिजनक सामग्री व नशीला पदार्थ बरामद किया है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि होटल में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस टीम के साथ छापा मारा गया। इस दौरान अलग-अलग कमरों से युवतियों का रेस्क्यू किया गया। कुछ युवतियां होटल के बाहर बताई गईं, जो पुलिस टीम को नहीं मिलीं। होटल के कमरों से नशे के लिए लाया चरस व गांजा भी बरामद हुआ।
आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। मौके से होटल मैनेजर वैशाली के राहुल शर्मा, अलीगढ़ के कासिमपुर के अंकित चौहान और अलीगढ़ के अकराबाद के सुनील को गिरफ्तार किया है। चार आरोपित निर्दोष कसाना, सुमित , राहुल व अफजल फरार हैं।
आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि राहुल शर्मा 1 अप्रैल 2025 को इस होटल का मैनेजर बना था. देह व्यापार का होटल में पूरा धंधा प्रबंधक राहुल शर्मा चला रहा था। उसके आगे का काम अंकित चौहान करता था. अंकित और सुनील दोनों ग्राहक लाने या कमरों में ठहरने वालों से डील करते थे। निर्दोष की देखरेख में पूरा कारोबार चलाया जा रहा था। रेस्क्यू युवतियों को दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, गुजरात, पश्चिम बंगाल से बुलाया गया था। सभी युवतियां गरीब घरों से हैं व अधिक पढ़ी-लिखी नहीं हैं।
डेढ़ महीने से चल रहा था गंदा काम
पुलिस ने रेस्क्यू की युवतियों से पूछताछ की तो पता चला कि करीब डेढ़ माह पहले उनको यहां लाया गया था। वह होटल के ही एक कमरे में ठहरती हैं। ग्राहकों से बात होने पर उन्हें कमरा या बाहर भेजा जाता है। एसीपी ने बताया कि युवतियों को गिरोह के सदस्य दो हजार से चार हजार रुपये प्रति ग्राहक भुगतान करते थे। सप्ताह या 10 दिन का भुगतान भी युवतियों को एक साथ होता था।
युवतियों में से कुछ दूसरी बार पकड़ी गई हैं। युवतियों के स्वजन को सूचना देकर उन्हें सौंपा गया है। एसीपी ने बताया कि अलग-अलग नाम से होटल के कमरे बुक होने के पीछे प्रबंधक का नाम सामने आया है।

